जमशेदपुर में बाढ़ का खतरा बढ़ा, खरकई खतरे के निशान से 2.52 मीटर ऊपर; स्वर्णरेखा भी लाल निशान पार

0
85
Share This Post

चांडिल डैम और गालूडीह बराज से छोड़े जा रहे पानी के बाद निचले इलाकों में अलर्ट, नदी किनारे रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह

जमशेदपुर: लगातार हो रही बारिश और डैम-बराज से पानी छोड़े जाने के कारण जमशेदपुर में बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर की दोनों प्रमुख नदियां—खरकई और स्वर्णरेखा—खतरे के निशान को पार कर चुकी हैं। इसके बाद प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

बाढ़ नियंत्रण कोषांग की सुबह 8 बजे की रिपोर्ट के मुताबिक, खरकई नदी खतरे के निशान से 2.52 मीटर ऊपर बह रही है। आदित्यपुर पुल के पास नदी का जलस्तर 131.52 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 129 मीटर है।

वहीं, स्वर्णरेखा नदी भी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गयी है। मानगो पुल के पास इसका जलस्तर 121.58 मीटर दर्ज किया गया, जबकि यहां खतरे का निशान 121.50 मीटर है।

चांडिल डैम और गालूडीह बराज से छोड़ा जा रहा पानी

स्थिति गंभीर होने की एक बड़ी वजह चांडिल डैम और गालूडीह बराज से लगातार पानी छोड़ा जाना भी है। गालूडीह बराज के 9 गेट खोले गये हैं। इसके कारण नदी के तटीय क्षेत्रों में पानी का दबाव बढ़ रहा है।

धालभूमगढ़, बहरागोड़ा और चाकुलिया के नदी किनारे बसे इलाकों में भी प्रशासन की नजर बनी हुई है। लगातार बारिश के बीच इन क्षेत्रों में जलजमाव और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

कदमा, बागबेड़ा और मानगो में विशेष सतर्कता

जमशेदपुर के निचले इलाकों में भी प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। कदमा के शास्त्रीनगर और रामनगर, बागबेड़ा के नया बस्ती और बड़ौदा घाट, जुगसलाई, मानगो और भुइयांडीह जैसे नदी किनारे के इलाकों में पानी प्रवेश करने की आशंका बनी हुई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें। जरूरत पड़ने पर निचले इलाकों में रहने वाले लोग सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर चले जाएं।

लोगों से प्रशासन के निर्देश मानने की अपील

लगातार बारिश और बढ़ते नदी जलस्तर को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है। लोगों से अपील की गयी है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।

फिलहाल खरकई और स्वर्णरेखा दोनों नदियों के बढ़े जलस्तर ने जमशेदपुर में बाढ़ की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here