नई दिल्ली: देश के युवाओं में करियर के शुरुआती वर्षों में ही कर्ज लेने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। खासकर 25 से 30 साल की उम्र के युवा पर्सनल लोन लेने में आगे आ रहे हैं। डिजिटल लोन प्लेटफॉर्म भारतलोन की डेटा रिपोर्ट 2026 के अनुसार, उसके माध्यम से कर्ज लेने वाले लोगों में इस आयु वर्ग की हिस्सेदारी बढ़कर 22.1 प्रतिशत हो गई है। यानी हर पांच में से एक से अधिक लोन इसी आयु वर्ग के लोगों ने लिया है।
एक साल में 4.1 प्रतिशत अंक बढ़ी हिस्सेदारी
रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025 में 25 से 30 साल के युवाओं की लोन लेने वालों में हिस्सेदारी 18 प्रतिशत थी। 2026 में यह बढ़कर 22.1 प्रतिशत हो गई। इस तरह महज एक साल में उनकी हिस्सेदारी में 4.1 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
लोन की कुल रकम में भी युवाओं की बढ़ी भागीदारी
सिर्फ लोन लेने वाले युवाओं की संख्या ही नहीं, बल्कि कुल वितरित कर्ज राशि में भी इस आयु वर्ग का योगदान बढ़ा है। वर्ष 2025 में कुल वितरित लोन राशि में 25 से 30 साल के लोगों की हिस्सेदारी 13 प्रतिशत थी, जो 2026 में बढ़कर 17.7 प्रतिशत पहुंच गई। यह करीब 36 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
पर्सनल लोन बाजार में अहम भूमिका निभा रहे युवा
आंकड़ों से संकेत मिलता है कि युवा अब पर्सनल लोन बाजार का महत्वपूर्ण हिस्सा बनते जा रहे हैं। करियर की शुरुआत में ही वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए वे कर्ज का सहारा ले रहे हैं। डिजिटल लोन प्लेटफॉर्म की बढ़ती पहुंच भी इस बदलाव का एक अहम पहलू है।
भारतलोन के आंकड़ों पर आधारित है रिपोर्ट
हालांकि, इस रिपोर्ट के आंकड़े केवल डिजिटल लोन प्लेटफॉर्म भारतलोन के माध्यम से वितरित किए गए कर्ज पर आधारित हैं। इसलिए इन्हें पूरे देश के पर्सनल लोन बाजार की स्थिति का प्रतिनिधि आंकड़ा नहीं माना जाना चाहिए।




