लातेहार: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को अपनी धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत मंगरा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह के पुत्र विजय बहादुर सिंह के विवाह समारोह में शिरकत की और नवदंपती को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
नवदंपती को दिया सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने वर विजय बहादुर सिंह एवं वधू महिमा को नवजीवन की शुरुआत के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नवदंपती के जीवन में प्रेम, सुख, समृद्धि, सद्भाव और खुशहाली बनी रहने की कामना की।
विधायक के परिवार से की आत्मीय मुलाकात
विवाह समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विधायक रामचंद्र सिंह, उनके परिवार के सदस्यों और सगे-संबंधियों से आत्मीय मुलाकात की। इस मांगलिक अवसर पर उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए अपनी प्रसन्नता जाहिर की। साथ ही मंगरा गांव पहुंचे स्थानीय लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया।
प्रशासन ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
मुख्यमंत्री के मंगरा गांव पहुंचने पर हेलीपैड पर जिला प्रशासन की ओर से उनका स्वागत किया गया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय, पलामू क्षेत्र के डीआईजी किशोर कौशल, लातेहार के उपायुक्त संदीप कुमार, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित रहे।




