Ranchi: रांची जिले में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने और इसके दुष्परिणामों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने मोरहाबादी मैदान से आठ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
गांव-गांव पहुंचेंगे जागरूकता वाहन
जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे। इनके माध्यम से लोगों को अफीम की अवैध खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय नुकसान के साथ-साथ इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। ग्रामीणों से अफीम की खेती और इसके अवैध कारोबार से दूर रहने की अपील भी की जाएगी।
अफीम की खेती करने पर 20 साल तक की सजा का प्रावधान
अभियान के दौरान लोगों को बताया जाएगा कि अफीम की खेती करना या इसके लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराना एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। इसके लिए 20 वर्ष तक की सजा अथवा आजीवन कारावास और जुर्माने का प्रावधान हो सकता है।
प्रशासन लोगों से अपील करेगा कि अधिक मुनाफे के लालच में न तो अफीम की खेती करें और न ही किसी दूसरे व्यक्ति को इस उद्देश्य से अपनी जमीन लीज या पट्टे पर दें। अफीम की अवैध खेती से संबंधित जानकारी पुलिस को देने के लिए भी ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया जाएगा। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने की बात कही गई है।
अवैध कारोबारियों और संपत्तियों पर भी होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफीम की अवैध खेती और कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इस गतिविधि में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए जाएंगे। अवैध खेती से अर्जित धन और संपत्तियों के खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा अफीम की खेती, परिवहन और अवैध कारोबार में शामिल क्रेता-विक्रेताओं के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जमीन की उर्वरता और जल स्रोतों को भी पहुंचता है नुकसान
जागरूकता अभियान के जरिए ग्रामीणों को अफीम की खेती के पर्यावरणीय दुष्प्रभावों के बारे में भी बताया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, इससे जमीन की उर्वरता और उपजाऊ क्षमता प्रभावित होती है। साथ ही तालाब, नदी और कुएं जैसे जल स्रोतों के दूषित होने का खतरा भी रहता है।
अफीम और इससे बने उत्पादों का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर नुकसानदायक है। नशे की लत का सबसे अधिक प्रभाव युवा पीढ़ी पर पड़ता है, जिससे परिवार और समाज दोनों प्रभावित होते हैं।
नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी पर जोर
जिला प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाकर अफीम की अवैध खेती पर प्रभावी अंकुश लगाना है। प्रशासन ने आम लोगों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 अमर पांडेय समेत कई संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




