Wednesday, November 25, 2026
19.5 C
Jharkhand

Justice Vibhu Bakhru: CA से न्यायपालिका तक का सफर, अब झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनने जा रहे जस्टिस विभु बाखरू…

Share This Post

Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट को जल्द ही नया मुख्य न्यायाधीश मिलने जा रहा है। जस्टिस विभु बाखरू को झारखंड हाईकोर्ट का अगला मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की सिफारिश की गई है। उनका शैक्षणिक और न्यायिक सफर काफी दिलचस्प रहा है। कानून की पढ़ाई से पहले उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) की डिग्री हासिल की थी। न्यायिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाले जस्टिस बाखरू का अनुभव दिल्ली से लेकर कर्नाटक हाईकोर्ट तक फैला हुआ है।

नागपुर में जन्म, दिल्ली में हुई स्कूली शिक्षा

जस्टिस विभु बाखरू का जन्म वर्ष 1966 में महाराष्ट्र के नागपुर में हुआ था। उनकी स्कूली शिक्षा दिल्ली के मथुरा रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से पूरी हुई। इसके बाद उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया में दाखिला लिया।

उन्होंने वर्ष 1987 में दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की। वर्ष 1989 में सीए की अंतिम परीक्षा उत्तीर्ण कर चार्टर्ड अकाउंटेंट बने। इसके बाद वर्ष 1990 में उन्होंने एलएलबी की डिग्री प्राप्त की। सितंबर 1990 में बार काउंसिल ऑफ दिल्ली में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया।

सुप्रीम कोर्ट से दिल्ली हाईकोर्ट तक की वकालत

वकालत के दौरान जस्टिस बाखरू ने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट, कंपनी लॉ बोर्ड और विभिन्न न्यायाधिकरणों में अपनी सेवाएं दीं। उनकी कानूनी विशेषज्ञता और अनुभव को देखते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने 28 जुलाई 2011 को उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता का दर्जा प्रदान किया।

इसके बाद 17 अप्रैल 2018 को उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। 18 मार्च 2020 को वह हाईकोर्ट के स्थायी न्यायाधीश बने।

दिल्ली के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश से कर्नाटक हाईकोर्ट तक का सफर

जस्टिस विभु बाखरू ने 5 दिसंबर 2024 से 21 जनवरी 2025 तक दिल्ली हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद 19 जुलाई 2025 को उन्होंने कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। अब उन्हें झारखंड हाईकोर्ट के अगले मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी मिलने जा रही है।

झारखंड के अधिवक्ताओं ने किया सिफारिश का स्वागत

जस्टिस विभु बाखरू की नियुक्ति की सिफारिश का झारखंड के अधिवक्ताओं ने स्वागत किया है। राज्य के पूर्व महाधिवक्ता राजीव रंजन ने उनके स्वागत की बात कही है। वहीं, झारखंड स्टेट बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष एवं वरीय अधिवक्ता राजेंद्र कृष्ण ने भी उनके झारखंड आगमन पर प्रसन्नता जताई है।

इसके अलावा बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य प्रशांत सिंह, बार काउंसिल के पूर्व उपाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला, अधिवक्ता संजय पिपरावाल, शेखर प्रसाद गुप्ता और धीरज कुमार ने भी जस्टिस बाखरू को झारखंड हाईकोर्ट का अगला मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश का स्वागत किया है।

    Hot this week

    Topics

    spot_img

    Related Articles

    Popular Categories

    spot_imgspot_img