Ranchi: रांची नगर निगम ने शहर में नियमों का पालन नहीं करने वाले हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। निगम ने ऐसे 45 संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी किया है। सभी संस्थानों को नोटिस मिलने के 24 घंटे के भीतर अपना संचालन बंद करने और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित संस्थानों को सील कर दिया जाएगा।
फायर एनओसी और भवन नक्शा नहीं देने पर कार्रवाई
नगर निगम की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि इससे पहले भी संबंधित संस्थानों को फायर एनओसी, भवन का स्वीकृत नक्शा, ट्रेड लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद संस्थानों ने निगम को जरूरी कागजात उपलब्ध नहीं कराए।
10 कोचिंग संस्थानों ने खुद बंद किया संचालन
निगम ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित संस्थान स्वेच्छा से अपना संचालन बंद कर दें और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें। ऐसा नहीं करने पर निगम की ओर से सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नोटिस जारी होने के बाद 10 कोचिंग संस्थानों के संचालकों ने खुद ही अपने संस्थानों को बंद कर दिया है।





