रांची: न्यूजीलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जीत हासिल करने वाली भारतीय लॉन बॉल्स टीम के खिलाड़ियों ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक भी मौजूद रहे।
CM ने खिलाड़ियों को दी बधाई
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और राज्य का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी अपनी उपलब्धियों से देश और झारखंड का नाम रोशन करते रहेंगे।
खेलों के विकास के लिए सौंपा 10 सूत्री ज्ञापन
मुलाकात के दौरान डॉ. मधुकांत पाठक ने झारखंड में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री को 10 सूत्री मांगपत्र सौंपा। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की सरकारी विभागों में सीधी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
लॉन बॉल्स, वुशु और एथलेटिक्स के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की मांग
ज्ञापन में लॉन बॉल्स, वुशु और एथलेटिक्स जैसे खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके अलावा आगामी राष्ट्रीय खेलों की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने के लिए अलग खेल नीति बनाने की मांग की गई है।
इस पहल का उद्देश्य झारखंड में खेल प्रतिभाओं को उचित मंच, बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी मजबूत पहचान बना सकें।




