नई दिल्ली/रांची: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 के अंतिम दिनों में भी झारखंड पवेलियन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां माटी कला की लाइव डेमो प्रस्तुति से लेकर पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों पर मिल रही विशेष छूट तक, आगंतुकों को कई आकर्षक विकल्प मिल रहे हैं।
चाक पर मिट्टी को आकार देते कारीगरों का हुनर बना आकर्षण
झारखंड पवेलियन में माटी कला बोर्ड की ओर से मिट्टी के बर्तन बनाने की लाइव डेमो प्रस्तुति आयोजित की जा रही है। चाक पर मिट्टी को आकार देकर पारंपरिक तकनीक से सुंदर कलाकृतियां तैयार करते कारीगरों को देख दर्शक खासे उत्साहित हैं। लोग इस पारंपरिक कला को करीब से समझने के साथ कारीगरों के हुनर और मेहनत की सराहना भी कर रहे हैं।
हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प निदेशक ने भी आजमाया हाथ
इस अवसर पर हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प विभाग की निदेशक प्रीति रानी ने भी मिट्टी के बर्तन बनाने की लाइव डेमो प्रस्तुति में हिस्सा लिया। उन्होंने स्वयं चाक पर मिट्टी को आकार देकर झारखंड की पारंपरिक माटी कला का अनुभव किया।
उन्होंने कहा कि झारखंड की मिट्टी में यहां की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय कारीगरों की रचनात्मकता की अनूठी पहचान समाहित है। माटी कला केवल एक शिल्प नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक आजीविका का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से लोगों को स्थानीय कलाकारों के हुनर और उनकी मेहनत को करीब से जानने का अवसर मिलता है।
विभिन्न स्टॉलों पर 20 से 30 प्रतिशत तक की छूट
मेले के समापन की ओर बढ़ने के साथ ही झारखंड पवेलियन के विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष छूट दी जा रही है। कई स्टॉलों पर चुनिंदा उत्पादों की खरीदारी पर 20 से 30 प्रतिशत तक की छूट उपलब्ध है।
इसका लाभ उठाकर आगंतुक झारखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और कलात्मक वस्तुओं की खरीदारी आकर्षक कीमतों पर कर सकते हैं।
कला, संस्कृति और किफायती खरीदारी का संगम
झारखंड पवेलियन में पारंपरिक कला, सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय कारीगरों के हुनर और आकर्षक छूट का संगम मेले के अंतिम दिनों में भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। लाइव डेमो और विशेष ऑफर के कारण यहां आगंतुकों की दिलचस्पी लगातार बनी हुई है।





