नई दिल्ली: शादी-ब्याह के व्यस्त सीजन में सोने की खरीदारी करने वाले ग्राहकों की चिंता बढ़ गयी है। सोने में दुर्लभ धातु रेनियम पाउडर की कथित मिलावट की खबरों ने सराफा बाजार में हलचल पैदा कर दी है। इस मामले ने न केवल आम खरीदारों के भरोसे को प्रभावित किया है, बल्कि सरकारी हॉलमार्किंग व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं। बाजार में इस खबर के बाद खरीदारी की रफ्तार सुस्त पड़ने और आभूषण उद्योग में चिंता बढ़ने की बात सामने आ रही है।
सोने में मिलावट का नया तरीका, रेनियम का हो रहा इस्तेमाल!
अब तक सोने में मिलावट के लिए मुख्य रूप से तांबा और चांदी जैसी धातुओं के इस्तेमाल की शिकायतें सामने आती रही हैं। लेकिन अब रेनियम पाउडर के कथित इस्तेमाल ने चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन से आयात होने वाले इस दुर्लभ धातु पाउडर का इस्तेमाल सोने के आभूषणों में मिलावट के लिए किया जा रहा है।
रेनियम का घनत्व करीब 21 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर बताया जाता है, जबकि शुद्ध सोने का घनत्व लगभग 19.3 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर है। ऐसे में सोना पिघलाते समय उसमें रेनियम मिलाने से आभूषण का आकार बदले बिना उसका वजन बढ़ाया जा सकता है। आरोप है कि इस तरीके से 20 कैरेट के सोने को 22 कैरेट यानी 916 हॉलमार्क के नाम पर बेचने की कोशिश की जा रही है।
एक्स-रे मशीनों से भी पकड़ना मुश्किल!
इस कथित मिलावट को लेकर सबसे बड़ी चिंता जांच की मौजूदा तकनीक को लेकर है। बाजार में इस्तेमाल होने वाली एक्स-रे फ्लोरोसेंस (XRF) मशीनें मुख्य रूप से आभूषण की ऊपरी सतह की जांच करती हैं। आरोप है कि यदि रेनियम को गहने के अंदरूनी हिस्से में मिलाया गया हो, तो सामान्य जांच में इसकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है।
यही वजह है कि आभूषणों की वास्तविक शुद्धता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस तरह की मिलावट की पहचान के लिए अधिक प्रभावी जांच तकनीक की जरूरत बतायी जा रही है।
सस्ते रेनियम से ज्यादा मुनाफे का खेल!
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एक ग्राम शुद्ध सोने की कीमत करीब 13,000 रुपये बतायी गयी है, जबकि एक ग्राम रेनियम पाउडर की कीमत लगभग 5,000 रुपये है। कीमतों में इस अंतर के कारण कथित तौर पर मिलावट के जरिये बड़ा मुनाफा कमाने की आशंका जतायी जा रही है।
कुछ हॉलमार्किंग केंद्रों की मिलीभगत से गलत शुद्धता रिपोर्ट जारी किये जाने के आरोपों ने भी व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े किये हैं। व्यापारिक संगठनों ने सरकार से रेनियम के आयात पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और पूरे मामले पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।
ज्वैलरी संगठनों ने जतायी गंभीर चिंता
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन और जेम एंड ज्वैलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल सहित आभूषण उद्योग से जुड़े संगठनों ने इस मामले पर चिंता जतायी है। उद्योग के जानकारों का कहना है कि सोने की शुद्धता जांचने के लिए नई और अधिक प्रभावी तकनीकों को लागू करना जरूरी है, ताकि ग्राहकों के साथ किसी तरह की धोखाधड़ी न हो।
ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मुंबई जवेरी बाजार ज्वैलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कुमार जैन ने भी रेनियम मिलावट से जुड़ी रिपोर्टों को गंभीर बताया है।
ग्राहकों को दी गयी सतर्क रहने की सलाह
कुमार जैन के मुताबिक, रेनियम धातु को सोने के अंदर विशेष तरीके से फिट किया जा सकता है, जिससे सामान्य जांच में इसकी पहचान करना कठिन हो सकता है। उन्होंने बताया कि मुंबई में सोने की शुद्धता जांचने के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटराइज्ड मशीनें उपलब्ध हैं, जिनसे आभूषण में मौजूद अलग-अलग धातुओं और उनकी मात्रा की जानकारी मिल सकती है।
आभूषण संगठनों ने ग्राहकों को सोना खरीदते समय कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
- गहने पर अंकित छह अंकों वाले एचयूआईडी नंबर को बीआईएस केयर ऐप पर सत्यापित करें।
- हमेशा पक्का जीएसटी बिल लें।
- बिल में सोने का कैरेट और कुल वजन स्पष्ट रूप से दर्ज करवाएं।
- बिना विश्वसनीय जांच और प्रमाण के सस्ते सोने के लालच में न आएं।
- यदि कोई एजेंट कम कीमत पर सोना देने या मिलावट का प्रस्ताव देता है, तो इसकी जानकारी पुलिस या संबंधित एसोसिएशन को दें।






