
IPL 2027 Auction: नीलामी की मेज पर नजर नहीं आएंगे MS धोनी! इरफान पठान ने बताई CSK में उनकी नई भूमिका..
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 की नीलामी से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) में महेंद्र सिंह धोनी की नई भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गयी है। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि धोनी आगामी नीलामी के दौरान टीम प्रबंधन के साथ बोली लगाने की मेज पर नजर नहीं आएंगे। वह मेंटोर के रूप में पर्दे के पीछे रहकर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे और अपने अनुभव से टीम को मजबूत बनाने में योगदान देंगे।
आईपीएल 2027 की नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में प्रस्तावित है। पठान के मुताबिक, नीलामी में खिलाड़ियों को खरीदने और टीम संयोजन तैयार करने की जिम्मेदारी सीएसके का प्रबंधन और उसकी रणनीतिक टीम संभालेगी।
नीलामी में बोली लगाने की जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे धोनी
जियोस्टार पर बातचीत के दौरान इरफान पठान ने कहा कि वह धोनी को जितना जानते हैं, उसके आधार पर उन्हें नहीं लगता कि माही नीलामी की मेज पर बैठेंगे। मेंटोर के रूप में उनकी भूमिका खिलाड़ियों को सही दिशा दिखाने, अपना अनुभव साझा करने और उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने की होगी।
पठान के अनुसार, धोनी खिलाड़ियों को सीएसके के लिए मैच जिताने के लिए तैयार करेंगे, जबकि नीलामी में बोली लगाने और खिलाड़ियों के चयन से जुड़े फैसले टीम प्रबंधन पर छोड़ देंगे।
पांच आईपीएल खिताब जीतने वाले धोनी की कार्यशैली पर भरोसा
इरफान पठान ने धोनी के पांच आईपीएल खिताबों का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व कप्तान चीजों को सरल रखना पसंद करते हैं। वह उन लोगों को अपनी जिम्मेदारी निभाने की पूरी आजादी देते हैं, जिन्हें अपना काम अच्छी तरह आता है।
उन्होंने कहा कि सीएसके का प्रबंधन और रणनीतिक टीम काफी मजबूत है। इस टीम ने वर्षों से खिताब जीतने वाली टीमें तैयार की हैं और धोनी ने हमेशा प्रबंधन पर भरोसा जताया है।
पर्दे के पीछे रहकर टीम को मजबूत करेंगे माही
पठान का मानना है कि धोनी कभी सुर्खियों में रहने या मैदान के बाहर लिये गये फैसलों का श्रेय लेने के इच्छुक नहीं रहे हैं। वह अपनी नयी भूमिका में भी इसी अंदाज में काम करना पसंद करेंगे।
उन्होंने कहा कि अगर धोनी आईपीएल 2027 की नीलामी में सीएसके की मेज पर बैठे दिखाई देते हैं, तो उन्हें हैरानी होगी। मेंटोर के तौर पर वह अपने अनुभव और रणनीतिक समझ से टीम की मदद करेंगे, लेकिन उनका काम मुख्य रूप से पर्दे के पीछे रहेगा।
2008 से सीएसके का अहम हिस्सा रहे हैं धोनी
महेंद्र सिंह धोनी ने 2008 से 2026 के बीच आईपीएल के 19 सत्रों में से 17 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व किया। 2016 और 2017 में सीएसके पर प्रतिबंध के कारण वह टीम का हिस्सा नहीं थे। अब टीम में मेंटोर की भूमिका के साथ उनका जुड़ाव एक नये अंदाज में जारी रहने की बात कही जा रही है।





