Wednesday, November 25, 2026
23.7 C
Jharkhand

Valmiki Scholarship Scheme Jharkhand:अनाथ और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए बड़ा फैसला, वाल्मीकि छात्रवृत्ति योजना की पूरी प्रक्रिया होगी ऑनलाइन…

Share This Post

Ranchi: झारखंड सरकार ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाले अनाथ और दिव्यांग विद्यार्थियों के हित में संचालित वाल्मीकि छात्रवृत्ति योजना की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत योजना से जुड़ी आवेदन प्रक्रिया, स्वीकृति, निगरानी और शिकायतों के निपटारे को पूरी तरह ऑनलाइन किया जाएगा। इसके लिए डिजिटल पोर्टल तैयार करने की जिम्मेदारी झारखंड स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (जेसेक) को सौंपी गई है। साथ ही आवेदन से लेकर छात्रवृत्ति की मंजूरी तक की जिम्मेदारियां भी निर्धारित कर दी गई हैं।

संस्थान से शुरू होगी आवेदन की प्रक्रिया

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से जारी संकल्प के मुताबिक, योजना का लाभ लेने के लिए पात्र विद्यार्थियों को सबसे पहले अपने संबंधित शिक्षण संस्थान में आवेदन जमा करना होगा। संस्थान आवेदन के साथ दिए गए दस्तावेजों और बैंक खाते का सत्यापन करेगा। इसके बाद निर्धारित प्रारूप में आवेदन को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

अनाथ और दिव्यांग होने का होगा अलग-अलग सत्यापन

आवेदन की जांच के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। अनाथ होने की पुष्टि बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) करेंगे, जबकि दिव्यांगता का सत्यापन सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा द्वारा किया जाएगा।

इसके बाद जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आवेदन को अंतिम स्वीकृति प्रदान कर ऑनलाइन माध्यम से झारखंड राज्य उच्च शिक्षा परिषद को भेजेंगे।

जिला स्तरीय निगरानी समिति में भी बदलाव

योजना के सत्यापन और निगरानी व्यवस्था में भी संशोधन किया गया है। अब दिव्यांगता प्रमाणपत्र और यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (UDID) का सत्यापन सिविल सर्जन के बजाय सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा की सहायता से जिला समाज कल्याण पदाधिकारी करेंगे।

वहीं, उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति में उप विकास आयुक्त (DDC) को उपाध्यक्ष बनाया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को भी समिति का सदस्य बनाया गया है।

सालाना 10 लाख और हर महीने 4 हजार रुपये की सहायता

वाल्मीकि छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र अनाथ और दिव्यांग विद्यार्थियों को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के लिए प्रतिवर्ष अधिकतम 10 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके अतिरिक्त दैनिक जरूरतों और पढ़ाई से संबंधित सामग्री की व्यवस्था के लिए हर महीने 4 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी मिलेगी।

सरकार की ओर से दी जाने वाली पूरी राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। नई ऑनलाइन व्यवस्था से आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने और पात्र विद्यार्थियों तक छात्रवृत्ति का लाभ पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

    Hot this week

    Car Price Hike 2026: टाटा, हुंडई, मारुति और ऑडी ने बढ़ाए गाड़ियों के दाम..

    New Delhi: अगर आप नई कार खरीदने की योजना...

    Topics

    spot_img

    Related Articles

    Popular Categories

    spot_imgspot_img