रांची: झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोकनृत्य, पारंपरिक संगीत और आधुनिक प्रस्तुतियों को एक मंच पर देखने का मौका मिलने जा रहा है। 26 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में राज्य के विभिन्न लोक कलाकारों के साथ राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। आयोजकों ने सभी कला प्रेमियों और आम लोगों को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
26 नवंबर: जनजातीय नृत्य और शास्त्रीय संगीत की छटा
26 नवंबर को आयोजित सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत रांची के बांसुरी वादक कुश कुमार करुवा की प्रस्तुति से होगी। इसके बाद झारखंड की प्रमुख जनजातीय और क्षेत्रीय लोक संस्कृतियों को दर्शाते हुए मुंडारी, नागपुरी, उरांव और संथाली नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
शास्त्रीय नृत्य प्रेमियों के लिए कथक, भरतनाट्यम और ओडिसी की युगलबंदी खास आकर्षण होगी। इसमें सुमेधा सेन गुप्ता, शीतल कुमार उरांव और प्रमिला कुमारी प्रस्तुति देंगी।
इसके अलावा गुरु तपन कुमार पटनायक के निर्देशन में सरायकेला छऊ नृत्य, वर्षा लकड़ा एवं दल की ओर से आधुनिक नागपुरी नृत्य और महिला बैंड ‘द सजनी ग्रुप’ द्वारा आधुनिक नागपुरी गायन एवं वादन की प्रस्तुति दी जाएगी।
27 नवंबर: सुनिधि लाइव और इंडियन आइडल फेम कलाकारों का जलवा
27 नवंबर की सांस्कृतिक संध्या का सबसे बड़ा आकर्षण ‘सुनिधि लाइव’ होगा। इस दिन मशहूर गायिका सुनिधि की लाइव प्रस्तुति दर्शकों के लिए खास अनुभव होगी।
इसके साथ ही इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक एकल गायन प्रस्तुत करेंगे। रांची के देवप्रिय ठाकुर सितार वादन से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
समूह गायन में अद्वितीय बैंड की पारोमिता चौधरी एवं गृहिणी समूह अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं किशोर नायक के कुंजबन दल द्वारा नागपुरी नृत्य एवं गायन, विनोद महतो एवं दल द्वारा घोड़ा नृत्य और अशोक कच्छप द्वारा पाइका नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।
28 नवंबर: अभिषेक कुमार सांवरिया और पूजा चटर्जी की विशेष प्रस्तुति
28 नवंबर को मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दिन इंडियन आइडल फेम अभिषेक कुमार सांवरिया एकल गायन की प्रस्तुति देंगे। उनके साथ इंडियन आइडल फेम पूजा चटर्जी भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेंगी।
नागपुरी संगीत के क्षेत्र में पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख, विवेक नायक, पवन रॉय, मोनिका मुंडू एवं दल ‘हमर झारखंड’ की प्रस्तुति देंगे।
सितार-सरोद और जनजातीय जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका
मुख्य सांस्कृतिक संध्या में गिरिडीह के पंडित मोर मुकुट केडिया और पंडित मनोज केडिया सितार एवं सरोद वादन करेंगे। इसके अलावा झारखंड की विभिन्न जनजातियों के जीवन पर आधारित विशेष नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी, जिसका निर्देशन हिंशी उर्वशी टूडू करेंगी।
कार्यक्रम में टॉम जुगू का संथाली बैंड और एल्वीन रोजारियो एवं बैंड की लाइव प्रस्तुति भी होगी।
तीन दिनों तक लोक संस्कृति और संगीत का उत्सव, प्रवेश निःशुल्क
तीन दिनों तक चलने वाला यह सांस्कृतिक आयोजन झारखंड की जनजातीय विरासत, लोक कलाओं और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम पेश करेगा। इसमें स्थानीय कलाकारों से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। खास बात यह है कि सभी कार्यक्रमों में आम लोगों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।




