Bokaro: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने घरेलू धन हस्तांतरण से जुड़े नियमों को सरल बनाते हुए नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब बिना बैंक खाता रखने वाला व्यक्ति भी बैंक शाखा में नकद राशि जमा कर किसी दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में 50,000 रुपये तक भेज सकेगा। इसके लिए नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर (NEFT) की सुविधा का लाभ उठाया जा सकेगा। नए नियम बुधवार से लागू हो गए हैं।
बिना बैंक खाते वाले लोगों को मिलेगी राहत
RBI के इस फैसले से खासकर प्रवासी श्रमिकों और ऐसे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके पास बैंक खाता नहीं है। अब वे बैंक शाखा में नकद जमा कर औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था के माध्यम से दूसरे व्यक्ति के खाते में पैसे भेज सकेंगे। इससे छोटे मूल्य के घरेलू धन हस्तांतरण की प्रक्रिया पहले से अधिक आसान होगी।
पहचान और पते के प्रमाण की बाध्यता से मिलेगी राहत
RBI के अनुसार, नए दिशानिर्देशों का मुख्य उद्देश्य छोटे मूल्य के धन हस्तांतरण को औपचारिक बैंकिंग माध्यमों से सुलभ बनाना है। विशेष रूप से ऐसे लोगों को इसका लाभ मिलेगा, जिनके पास पहचान या पते से जुड़े आवश्यक दस्तावेज नहीं होने के कारण बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच सीमित है।
लेनदेन पर रखनी होगी कड़ी नजर
नए नियमों के तहत RBI ने बैंकों और गैर-बैंकिंग संस्थाओं को धन हस्तांतरण से जुड़ी जमा राशि पर निगरानी रखने के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य इस सुविधा के दुरुपयोग को रोकना और लेनदेन को सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाए रखना है।





