
रांची के खादगढ़ा बस टर्मिनल में खड़ी लावारिस बसों पर नगर निगम की कार्रवाई, 7 दिनों में हटाने का निर्देश
वाहन मालिकों को अंतिम मौका, समय सीमा के बाद सक्षम प्राधिकारी से मूल्यांकन कराकर शुरू होगी नीलामी प्रक्रिया

रांची: भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल, खादगढ़ा परिसर में लंबे समय से खड़ी लावारिस, कंडम और अनुपयोगी बसों समेत अन्य वाहनों को लेकर रांची नगर निगम ने सख्त निर्देश जारी किया है. नगर निगम ने संबंधित वाहन मालिकों को अपने वाहनों को निर्धारित समय सीमा के भीतर परिसर से हटाने को कहा है.
7 दिनों के अंदर हटाने होंगे वाहन

नगर निगम की ओर से जारी आम सूचना के अनुसार, सूचना प्रकाशित होने की तारीख से 7 दिनों के भीतर सभी संबंधित मालिकों को अपनी बसें और अन्य वाहन अनिवार्य रूप से हटाने होंगे. वाहन मालिकों को इस अवधि के दौरान अपने वाहनों को परिसर से बाहर ले जाने की व्यवस्था करनी होगी.
समय सीमा खत्म होने पर शुरू होगी नीलामी
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में वाहन नहीं हटाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इसके तहत अगले 7 दिनों के अंदर सक्षम प्राधिकारी और एमवीआई के माध्यम से वाहनों का मूल्यांकन और दर निर्धारण कराया जाएगा.
इसके बाद नियमानुसार संबंधित वाहनों की नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
बाद में दावे या आपत्ति पर विचार नहीं

आम सूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी दावे, अनुरोध या आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा. इसलिए संबंधित वाहन मालिकों को समय रहते अपने वाहन हटाने का निर्देश दिया गया है.
नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य बस टर्मिनल परिसर में लंबे समय से पड़े अनुपयोगी और लावारिस वाहनों को हटाकर परिसर के बेहतर इस्तेमाल की दिशा में कदम उठाना है.




