
रांची सदर अस्पताल में शुरू होगा DNB कोर्स, पैथोलॉजी में 3 सीटों को मिली मंजूरी
NBEMS की अनुमति के बाद इसी सत्र से NEET-PG के जरिए होगा दाखिला, सर्जरी और स्त्री एवं प्रसूति विभाग में भी चल रही DNB की पढ़ाई

रांची: रांची सदर अस्पताल में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में एक और नई शुरुआत होने जा रही है. नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में DNB कोर्स शुरू करने की मंजूरी दे दी है. इस कोर्स के तहत कुल तीन सीटों पर पढ़ाई होगी.
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विमलेश सिंह के अनुसार, इसी सत्र से इन तीन सीटों पर NEET-PG के माध्यम से एडमिशन लिया जाएगा. इससे सदर अस्पताल में इलाज के साथ-साथ मेडिकल पोस्टग्रेजुएट शिक्षा का दायरा भी बढ़ेगा.
MD-MS के बराबर माना जाता है DNB
DNB यानी Diplomate of National Board एक पोस्टग्रेजुएट मेडिकल कोर्स है, जिसे MD और MS के समकक्ष माना जाता है. कोर्स पूरा करने के बाद डॉक्टरों के लिए मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण और प्रोफेसर के तौर पर करियर के अवसर भी उपलब्ध होते हैं.
सर्जरी विभाग में पहले से चल रही पढ़ाई
रांची सदर अस्पताल के सर्जरी विभाग में भी DNB कोर्स की मंजूरी इसी साल अप्रैल में मिली थी. वहां तीन सीटों पर पढ़ाई शुरू हो चुकी है.
इसके अलावा अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति विभाग में चार सीटों पर DNB की पढ़ाई पहले से संचालित हो रही है. यानी पैथोलॉजी में नई मंजूरी मिलने के बाद अस्पताल में DNB प्रशिक्षण का दायरा और बढ़ गया है.
इन विभागों में भी DNB शुरू करने की तैयारी
सदर अस्पताल प्रबंधन अब मेडिकल शिक्षा के विस्तार के लिए दूसरे विभागों पर भी फोकस कर रहा है. इसके तहत आई, ENT, एनेस्थीसिया और पीडियाट्रिक विभागों में DNB कोर्स शुरू करने का प्रस्ताव NBEMS को भेजा गया है.
अगर इन विभागों को भी मंजूरी मिलती है, तो रांची सदर अस्पताल में पोस्टग्रेजुएट मेडिकल शिक्षा के अवसर और बढ़ेंगे.




