
झारखंड में पहली बार होगा AIOS का राष्ट्रीय नेत्र सम्मेलन, 25 से 27 सितंबर तक जुटेंगे 1000 से ज्यादा विशेषज्ञ
रांची के होटल BNR में होगा तीन दिवसीय आयोजन, कॉर्निया, रेटिना, ग्लूकोमा और लेंस के इलाज की नई तकनीकों पर होगी चर्चा

रांची: झारखंड में पहली बार ऑल इंडिया ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसाइटी (AIOS) की मिडटर्म राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस आयोजित होने जा रही है। रांची के होटल BNR में 25 से 27 सितंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देशभर से 1,000 से ज्यादा नेत्र रोग विशेषज्ञ, शोधकर्ता और युवा डॉक्टर शामिल होंगे।
इस सम्मेलन में आंखों की बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल हो रही नई तकनीकों, आधुनिक उपचार पद्धतियों और हालिया शोध पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर के नेत्र विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर उपचार और शोध से जुड़ी जानकारी साझा करना है।
कॉर्निया से लेकर रेटिना तक इलाज पर चर्चा
सम्मेलन के दौरान आंखों से जुड़ी कई प्रमुख बीमारियों और उनके आधुनिक इलाज पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें कॉर्निया, लेंस, रेटिना, ग्लूकोमा और दृष्टि दोष से जुड़े उपचार प्रमुख रूप से शामिल हैं।
देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले विशेषज्ञ अपने अनुभव और नई तकनीकों की जानकारी साझा करेंगे। इससे झारखंड के युवा नेत्र चिकित्सकों को भी आधुनिक उपचार पद्धतियों को समझने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।
25 सितंबर को होगा उद्घाटन
सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन 25 सितंबर की शाम 6 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, स्वास्थ्य सचिव डॉ. अजय कुमार सिंह और AIOS के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत कई प्रमुख चिकित्सक शामिल होंगे।
आयोजन समिति की ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. भारती कश्यप ने बताया कि झारखंड में पहली बार AIOS का इतना बड़ा राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। वहीं आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. बीपी कश्यप के अनुसार, सम्मेलन के जरिए राज्य के नेत्र विशेषज्ञों को नई तकनीकों और आधुनिक इलाज की जानकारी मिलेगी, जिससे मरीजों के उपचार में इसका फायदा पहुंच सकता है।
कार्यक्रम में IMA के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दीपक घर चौधरी समेत देशभर के कई वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञों के शामिल होने की भी जानकारी दी गयी है।




