कोकर इंडस्ट्रियल एरिया, बरियातू और दीपाटोली में सड़क किनारे जमा हुआ कचरा, आवारा पशु फैला रहे गंदगी; नगर निगम से नियमित सफाई की मांग

रांची: राजधानी रांची में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश का असर अब सफाई व्यवस्था पर भी दिखने लगा है। बारिश के कारण कई इलाकों में कचरा उठाव प्रभावित हुआ है और सड़क किनारे व मोहल्लों में कूड़े के ढेर जमा हो गए हैं। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कोकर इंडस्ट्रियल एरिया, बरियातू और दीपाटोली समेत कई इलाकों में कचरा जमा रहने से गंदगी की स्थिति बनी हुई है। समय पर कूड़ा नहीं उठने के कारण आवारा पशु भी कचरे को इधर-उधर बिखेर रहे हैं। इससे सड़क और आसपास के इलाके गंदे हो रहे हैं।
बारिश के कारण कचरा गीला होकर सड़ने लगा है, जिससे कई जगहों पर दुर्गंध की समस्या भी बढ़ गयी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बीच लंबे समय तक कचरा पड़ा रहने से परेशानी लगातार बढ़ रही है।
वहीं, बारिश के मौसम में जलजमाव और कचरे के एक साथ जमा होने से मच्छरों के पनपने का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में मलेरिया और डेंगू जैसी मच्छरजनित बीमारियों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गयी है।
स्थानीय लोगों ने रांची नगर निगम से जल्द सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने, जमा कचरे को हटाने और बारिश के दौरान नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय पर सफाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में गंदगी के साथ-साथ बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।

