झारखंड में फिर सक्रिय होगा मानसून, आज से कई जिलों में तेज बारिश की संभावना

0
103
Share This Post
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव का असर, 27-30 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; किसानों को मिल सकती है राहत।

रांची: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून अब एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और मौसम केंद्र रांची के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव (डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से आज से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अगले कुछ दिनों तक झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम तथा कुछ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान केवल पश्चिमी सिंहभूम जिले में बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहा। हालांकि अब बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण 30 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। इस दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

27 जुलाई को गुमला, खूंटी, रांची और लोहरदगा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 28 जुलाई को पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला, खूंटी और लोहरदगा जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में अब तक सामान्य से कम वर्षा हुई है। 1 जून से 26 जुलाई तक झारखंड में 325 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य वर्षा 455.9 मिमी होनी चाहिए थी। यानी अब तक राज्य में लगभग 29 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

कम बारिश के कारण खरीफ फसलों, विशेष रूप से धान की रोपाई प्रभावित हुई है। ऐसे में मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में होने वाली अच्छी बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आ सकती है और रोपाई कार्य में तेजी आएगी। हालांकि विभाग ने लोगों से भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात के दौरान सतर्क रहने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी सभी चेतावनियों का पालन करने की अपील भी की है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here