15 साल 121 दिन की उम्र में रचा विश्व रिकॉर्ड, जिम्बाब्वे के खिलाफ दमदार प्रदर्शन के बाद भारत को दिलाई 3-0 से सीरीज जीत।

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। महज 15 साल 121 दिन की उम्र में वह टी-20 क्रिकेट इतिहास में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ बनने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।
जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले में वैभव ने शानदार 81 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस यादगार बल्लेबाज़ी की बदौलत भारत ने मैच 35 रन से जीत लिया और तीन मैचों की टी-20 सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। पूरे टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। उन्होंने दो अर्धशतकों की मदद से कुल 151 रन बनाए और अपने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार हासिल किया।
इस उपलब्धि के साथ वैभव सूर्यवंशी ने विश्व क्रिकेट में नया रिकॉर्ड कायम किया है। 15 वर्ष और 121 दिन की उम्र में यह सम्मान जीतने वाले वह दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। भारतीय क्रिकेट के लिए यह उपलब्धि भविष्य की एक बड़ी उम्मीद मानी जा रही है। कम उम्र में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के उभरते सितारों में शामिल हो चुके हैं।

