गिरिडीह, हजारीबाग और देवघर के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में राजस्व संग्रह, विकास योजनाओं और पारदर्शी प्रशासन पर दिया जोर।

गिरिडीह: झारखंड सरकार के वित्त, वाणिज्य-कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य विभाग के मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने रविवार को गिरिडीह में गिरिडीह, हजारीबाग और देवघर जिलों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। नया परिसदन में आयोजित इस बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, राजस्व संग्रह, योजनागत व्यय और विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान मंत्री ने वाणिज्य कर, योजना एवं विकास विभाग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली। राजस्व संग्रह की वर्तमान स्थिति, कर प्रशासन की कार्यप्रणाली, विभागीय उपलब्धियों, योजनाओं के क्रियान्वयन, लक्ष्य प्राप्ति और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
राधाकृष्ण किशोर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी तरीके से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, जवाबदेही और नियमित निगरानी सुनिश्चित करना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए मंत्री ने राजस्व संग्रह के निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने, कर प्रशासन को अधिक पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने तथा करदाताओं को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट, उपलब्धियों और चल रही योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। मंत्री ने योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ कार्य कर राज्य के समग्र विकास और सुशासन के लक्ष्य को साकार किया जाए। बैठक से पहले गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने मंत्री राधाकृष्ण किशोर का स्वागत किया। समीक्षा बैठक में तीनों जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लेकर विकास योजनाओं की प्रगति और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की।

