5 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची, 2.15 करोड़ से अधिक भरे हुए फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा।

रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। निर्वाचन विभाग के अनुसार, वर्ष 2026 की मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है और राज्य के 99.90 प्रतिशत मतदाताओं तक Enumeration Form पहुंचा दिए गए हैं। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में कुल 2,64,63,236 मतदाता हैं। इनमें से 2,64,36,310 मतदाताओं तक फॉर्म का वितरण पूरा हो चुका है। विभाग ने 29 जुलाई तक सभी शेष कार्य पूरे कर 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित करने का लक्ष्य तय किया है।
अब तक 2,15,91,889 भरे हुए और हस्ताक्षरित Enumeration Forms का डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है। यह कुल लक्ष्य का लगभग 94.96 प्रतिशत है। इन सभी मतदाताओं के नाम प्रस्तावित ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। निर्वाचन विभाग ने बताया कि 35,38,762 फॉर्म विभिन्न कारणों से वापस प्राप्त नहीं हो सके। इनमें 13,82,101 मतदाता स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं, जबकि 10,43,441 मतदाता सत्यापन के दौरान अनुपस्थित मिले या उनका पता नहीं चल सका।
इसके अलावा, 7,10,090 मतदाताओं की मृत्यु की पुष्टि हुई है। वहीं 3,68,425 मतदाताओं के नाम पहले से ही अन्य स्थानों की मतदाता सूची में दर्ज पाए गए, जबकि 34,705 मतदाताओं ने Enumeration Form पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया। निर्वाचन विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्धारित तिथि पर ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन बिना किसी बाधा के किया जा सके।

