सोशल मीडिया पर मामला सामने आते ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश, प्रवासी मजदूर की वापसी और किशोर की मौत की जांच पर जोर

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के जरिए सामने आए दो अलग-अलग मामलों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पहला मामला दुबई में फंसे गिरिडीह के एक मजदूर का है, जबकि दूसरा देवघर में 13 वर्षीय किशोर की मौत से जुड़ा है।
दुबई में फंसे मजदूर की वापसी के लिए निर्देश
गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र के अटका गांव निवासी रामेश्वर दास के दुबई में फंसे होने की जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि वह 6 मई को एक ठेकेदार के माध्यम से टूरिस्ट वीजा पर रोजगार की तलाश में दुबई गए थे।
परिजनों का कहना है कि दुबई पहुंचने के बाद रामेश्वर से संपर्क धीरे-धीरे कम होता गया। परिवार के मुताबिक पिछले करीब पांच दिनों से उनका मोबाइल भी बंद है। इससे परिजन उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और सरकार से उन्हें सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगा रहे हैं। सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रवासी सेल, झारखंड को टैग करते हुए मामले का तत्काल संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
देवघर में 13 साल के किशोर की मौत का मामला
दूसरा मामला देवघर में 13 वर्षीय किशोर की मौत से जुड़ा है। मृतक की बहन सुरवि केशरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि किशोर की पीट-पीटकर हत्या की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने छोड़ दिया और परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है।
मृतक की बहन ने इलाके में कथित नशे के कारोबार का मुद्दा भी उठाया और पुलिस पर उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने के बाद हेमंत सोरेन ने देवघर पुलिस, झारखंड पुलिस और देवघर के उपायुक्त को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और जांच की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है।
दोनों मामलों में मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब संबंधित विभाग और प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुट गए हैं।

