
NEET-PG 2026 Result Declared: 2.65 लाख से अधिक उम्मीदवारों का रिजल्ट जारी, देखें कैटेगरी वाइज कटऑफ
NBEMS ने NEET-PG 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। General/EWS के लिए 262, General PwBD के लिए 244 और SC/ST/OBC समेत PwBD श्रेणी के लिए 226 कटऑफ स्कोर तय किया गया है।

नई दिल्ली। NEET-PG 2026 परीक्षा में शामिल मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज यानी NBEMS ने NEET-PG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। अभ्यर्थी अपना परिणाम और रैंक NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं।
NEET-PG 2026 की परीक्षा 30 अगस्त 2026 को देशभर में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 2,63,544 उम्मीदवार शामिल हुए थे। वहीं, तकनीकी समस्या के कारण प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर 2026 को जयपुर में परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 2,416 उम्मीदवार शामिल हुए।
कैटेगरी के हिसाब से कटऑफ
NBEMS की ओर से जारी नोटिस के अनुसार NEET-PG 2026 के लिए अलग-अलग श्रेणियों का क्वालिफाइंग कटऑफ इस प्रकार है—
- General/EWS: 50वां परसेंटाइल — 262 अंक
- General PwBD: 45वां परसेंटाइल — 244 अंक
- SC/ST/OBC और इन श्रेणियों के PwBD: 40वां परसेंटाइल — 226 अंक
रिजल्ट में उम्मीदवारों के रॉ स्कोर और NEET-PG 2026 रैंक जारी की गई है। रैंक सभी उम्मीदवारों के प्राप्त स्कोर और लागू टाई-ब्रेकिंग नियमों के आधार पर निर्धारित की गई है।
वेबसाइट पर देख सकते हैं रिजल्ट
उम्मीदवार अपना रिजल्ट NBEMS की वेबसाइट natboard.edu.in पर जाकर देख सकते हैं। वहीं, व्यक्तिगत स्कोर कार्ड भी डाउनलोड किया जा सकता है। NBEMS के मुताबिक स्कोर कार्ड रिजल्ट जारी होने की तारीख से 6 महीने तक डाउनलोड के लिए उपलब्ध रहेगा। इसके बाद स्कोर कार्ड दोबारा उपलब्ध कराने के अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
वहीं, NEET-PG 2026 की फाइनल मेरिट लिस्ट और कैटेगरी वाइज मेरिट लिस्ट राज्य कोटे की सीटों के लिए संबंधित राज्य/केंद्र शासित प्रदेश की ओर से अपने नियमों और आरक्षण नीति के अनुसार तैयार की जाएगी।
NBEMS ने यह भी स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों का रिजल्ट प्रोविजनल है और प्रवेश के दौरान संबंधित संस्थान उम्मीदवार की पात्रता और शैक्षणिक दस्तावेजों का सत्यापन करेगा।




