
दीपिका पांडेय सिंह की बेटी के निधन के बाद 25 सितंबर की कैबिनेट बैठक स्थगित
मंत्री की बेटी तृषा सिंह के निधन के बाद शोक में सरकार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर मंत्रिमंडल सचिवालय ने जारी किया आदेश

रांची। झारखंड सरकार ने 25 सितंबर को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को स्थगित कर दिया है। बैठक को टालने का फैसला ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के सड़क हादसे में निधन के बाद लिया गया। इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।
25 सितंबर को होनी थी कैबिनेट बैठक
झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक 25 सितंबर को दोपहर तीन बजे प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में प्रस्तावित थी। बैठक में अलग-अलग विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और फैसले होने थे।
मंत्री की बेटी के निधन के बाद लिया गया फैसला

जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे में दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हुई है। घटना के बाद राज्य सरकार में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
सीएम के निर्देश पर जारी हुआ आदेश
बताया गया है कि मौजूदा शोकपूर्ण माहौल को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कैबिनेट बैठक स्थगित करने का निर्देश दिया। इसके बाद मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग ने बैठक स्थगित करने संबंधी आदेश जारी कर दिया।
चार युवाओं की हुई है मौत
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी-मरीन ड्राइव के पास गुरुवार तड़के कार हादसे में चार युवाओं की जान गई। मृतकों में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल थीं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार से शवों को बाहर निकाला गया।




