मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत 4 की मौत, नेताओं ने जताया दुख; जानें किसने क्या कहा
जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर हुए भीषण हादसे के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बाबूलाल मरांडी, कल्पना सोरेन समेत कई नेताओं ने शोक जताया

रांची: जमशेदपुर के मरीन ड्राइव में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे की खबर सामने आने के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने घटना पर दुख जताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपनी संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता के लिए शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और अन्य मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की।
बाबूलाल मरांडी ने भी व्यक्त की संवेदना
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी मंत्री की बेटी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में शक्ति मिलने की कामना की।
कल्पना सोरेन ने कहा- संतान को खोने का दर्द शब्दों से परे
गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संतान को खोने की पीड़ा को शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह सहित सभी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
राज्य सरकार के मंत्रियों ने भी जताया शोक
मंत्री संजय प्रसाद यादव और दीपक बिरुआ समेत राज्य के अन्य नेताओं ने भी तृषा सिंह और हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों के निधन पर दुख जताया। नेताओं ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना की।
चंपाई सोरेन और अर्जुन मुंडा ने भी जताया दुख
पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। दोनों ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की।
मेयर सुधा गुप्ता अस्पताल पहुंचीं
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मानगो की मेयर सुधा गुप्ता सोनारी थाना और फिर एमजीएम अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
हादसे में चार लोगों की गई जान
जानकारी के मुताबिक, जमशेदपुर के सोनारी स्थित मरीन ड्राइव पर तड़के करीब तीन बजे कार सड़क किनारे खड़े वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मंत्री की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हुई।
हादसे के बाद नेताओं की ओर से लगातार शोक संदेश सामने आ रहे हैं। सभी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है और इस मुश्किल घड़ी में परिवारों को संबल मिलने की कामना की है।




