
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं अचानक ठप, Outlook से लेकर Teams तक में आई तकनीकी खराबी, लाखों यूजर्स परेशान
Microsoft Outage: माइक्रोसॉफ्ट यूजर्स के लिए गुरुवार का दिन काफी मुश्किलों भरा रहा। तकनीकी खराबी के कारण कंपनी की कई प्रमुख ऑनलाइन सेवाएं अचानक ठप हो गईं। इसका असर दुनियाभर में कामकाज पर पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी माइक्रोसॉफ्ट के लोकप्रिय ईमेल प्लेटफॉर्म आउटलुक (Outlook) के यूजर्स को हुई। लाखों लोग अपने ईमेल अकाउंट तक पहुंचने और ईमेल भेजने या प्राप्त करने में असमर्थ रहे।
आउटलुक के साथ Teams और Copilot भी प्रभावित
आउटलुक के अलावा माइक्रोसॉफ्ट की कई अन्य जरूरी सेवाओं में भी तकनीकी समस्याएं सामने आईं। माइक्रोसॉफ्ट टीम्स (Microsoft Teams) के प्रभावित होने से ऑफिस मीटिंग और ऑनलाइन कामकाज बाधित हुआ। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट (Microsoft Copilot) की सेवाएं प्रभावित होने से यूजर्स एआई आधारित असिस्टेंट का इस्तेमाल नहीं कर सके। इसके अलावा माइक्रोसॉफ्ट 365 (Microsoft 365) के ऑफिस टूल्स की कनेक्टिविटी पर भी असर पड़ा।
Downdetector पर 1.30 लाख से अधिक शिकायतें
सेवाओं में आई इस तकनीकी गड़बड़ी को लेकर आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट Downdetector पर बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज की गईं। वेबसाइट के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे शिकायतों का आंकड़ा अपने चरम पर पहुंच गया। इस दौरान अकेले आउटलुक की समस्या को लेकर 1.30 लाख से अधिक यूजर्स ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
हालांकि, इसके बाद शिकायतों की संख्या में धीरे-धीरे कमी आने लगी, लेकिन कई यूजर्स को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
ज्यादा सर्वर ट्रैफिक के कारण आई समस्या
माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि अमेरिका के कई हिस्सों में यूजर्स को एक्सचेंज ऑनलाइन (Exchange Online) के ईमेल अकाउंट एक्सेस करने में परेशानी हो रही थी।
कंपनी की शुरुआती जांच में पता चला कि माइक्रोसॉफ्ट के कुछ सर्वर पर सामान्य से अधिक ट्रैफिक लोड पड़ गया था। इसके साथ ही ऑटोमेटेड चेक के दौरान आई तकनीकी समस्या के कारण कुछ सर्वर अचानक ऑफलाइन हो गए, जिससे सेवाओं का संचालन प्रभावित हुआ।
माइक्रोसॉफ्ट ने शुरू की सेवाएं बहाल करने की कोशिश
माइक्रोसॉफ्ट 365 स्टेटस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर को दोबारा सक्रिय करने और सर्वर की उपलब्धता बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कंपनी के मुताबिक, शुरुआती प्रयासों के सकारात्मक परिणाम मिले हैं।
कंपनी प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रदर्शन पर लगातार नजर रख रही है, ताकि सेवाओं की स्थिरता सुनिश्चित की जा सके। माइक्रोसॉफ्ट को उम्मीद है कि इन प्रयासों को धीरे-धीरे व्यापक स्तर पर लागू करने से सभी प्रभावित सेवाओं की उपलब्धता में सुधार होगा।
एडमिन सेंटर पर जारी की गई जानकारी
माइक्रोसॉफ्ट ने इस तकनीकी समस्या से संबंधित जानकारी अपने Microsoft 365 Admin Center में EX1550543 और MO1550821 के तहत उपलब्ध कराई है। कंपनी ने यूजर्स और एडमिनिस्ट्रेटर्स को आउटेज से जुड़े अपडेट के लिए आधिकारिक स्टेटस प्लेटफॉर्म पर नजर रखने की सलाह दी है।




