रक्षाबंधन पर स्कूलों में रहेगी छुट्टी, 27 अगस्त को होगा राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम

0
84
Share This Post

शिक्षक संगठनों के विरोध के बाद शिक्षा विभाग ने बदला फैसला, 28 अगस्त को स्कूल बंद रखने का संशोधित आदेश जारी

रांची। झारखंड में शिक्षकों के विरोध के बाद स्कूलों की छुट्टी को लेकर शिक्षा विभाग ने अपना फैसला बदल दिया है। अब रक्षाबंधन के दिन यानी 28 अगस्त को राज्य के स्कूलों में अवकाश रहेगा। वहीं, राष्ट्रीय खेल दिवस से जुड़ी गतिविधियां अब 27 अगस्त को आयोजित की जाएंगी।

दरअसल, शिक्षा विभाग की ओर से पहले जारी निर्देश में 28 अगस्त को स्कूल खोलने और 30 अगस्त को भी शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने की बात कही गई थी। इस फैसले को लेकर शिक्षक संगठनों ने नाराजगी जताई थी।

झारखंड प्लस टू शिक्षक संघ, अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ समेत कई शिक्षक संगठनों ने रक्षाबंधन के दिन स्कूल खोलने के निर्देश का विरोध किया था। संगठनों का कहना था कि रक्षाबंधन सामाजिक और पारिवारिक महत्व वाला पर्व है। ऐसे में इस दिन स्कूल संचालित करने का फैसला शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए उचित नहीं है।

शिक्षक संगठनों के विरोध और लगातार बढ़ते दबाव के बाद झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने संशोधित आदेश जारी किया। नए आदेश के मुताबिक रक्षाबंधन पर स्कूलों में छुट्टी रहेगी और राष्ट्रीय खेल दिवस से संबंधित कार्यक्रम एक दिन पहले 27 अगस्त को आयोजित किए जाएंगे।

शिक्षा विभाग के इस संशोधन के बाद शिक्षक संगठनों ने राहत की सांस ली है। अब स्कूलों में रक्षाबंधन का अवकाश बरकरार रहेगा, जबकि खेल दिवस से जुड़ी गतिविधियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त को पूरी की जाएंगी।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here