नई Bajaj Pulsar 150 हुई लॉन्च, ₹1.15 लाख से शुरू कीमत; 5-इंच TFT और मोनोशॉक जैसे फीचर्स से लैस

0
68
Share This Post

नई पल्सर 150 में डिजाइन के साथ मैकेनिकल बदलाव, Google Maps नेविगेशन, USB Type-C और ऑल-LED लाइटिंग जैसे फीचर्स शामिल

रांची। बजाज ने अपनी पॉपुलर बाइक Pulsar 150 को नए अपडेट्स के साथ भारतीय बाजार में पेश किया है। नई जनरेशन की इस बाइक की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.15 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी ने इस बार सिर्फ लुक में बदलाव नहीं किया है, बल्कि बाइक के मैकेनिकल सेटअप में भी कई अहम अपडेट किए हैं।

नई Pulsar 150 में सबसे बड़ा बदलाव इसके रियर सस्पेंशन में देखने को मिलता है। बाइक में अब गैस-चार्ज्ड मोनोशॉक रियर सस्पेंशन दिया गया है। इसके साथ ही नया एग्जॉस्ट सिस्टम और डायमंड-टाइप फ्रेम भी मिलता है। कंपनी के मुताबिक, फ्रेम को मजबूती और वजन के बीच बेहतर संतुलन के लिए तैयार किया गया है।

नया सस्पेंशन और अपडेटेड सेटअप

नई पल्सर 150 के सस्पेंशन सेटअप में बदलाव से बाइक की राइड और हैंडलिंग में सुधार मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा एग्जॉस्ट सिस्टम में भी बदलाव किया गया है। बाइक के ग्राफिक्स को भी नया रूप दिया गया है, जिससे इसका लुक पहले से ज्यादा मॉडर्न नजर आता है।

इंजन में क्या खास?

2026 Bajaj Pulsar 150 में 149.5cc, फोर-स्ट्रोक, ऑयल-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर DTS-i ट्विन-स्पार्क, फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन दिया गया है। यह इंजन 14 PS की पावर जेनरेट करता है। बाइक में कई राइड मोड के साथ क्लिप-ऑन हैंडलबार और बेली पैन जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।

फीचर्स की लंबी लिस्ट

नई Pulsar 150 को टेक्नोलॉजी के मामले में भी अपडेट किया गया है। इसमें 5-इंच TFT डिस्प्ले दिया गया है, जिसमें Google Maps नेविगेशन की सुविधा मिलती है। इसके अलावा लाइव कॉल और मैसेज अलर्ट, म्यूजिक कंट्रोल और जरूरी डॉक्यूमेंट जैसे RC और इंश्योरेंस की जानकारी सेव करने का विकल्प भी दिया गया है।

बाइक में USB Type-C चार्जिंग पोर्ट, ऑल-LED लाइटिंग सेटअप, हेडलाइट, टेललाइट और इंडिकेटर्स के साथ हैजर्ड लाइट्स भी मिलती हैं। इसके अलावा कंपनी ने इसमें क्रॉल टेक फीचर और अलग-अलग राइडिंग मोड भी जोड़े हैं।

पांच रंगों में आएगी बाइक

नई Bajaj Pulsar 150 को कंपनी ने पांच कलर ऑप्शन में पेश किया है। इनमें Sapphire Blue, Ebony Black Ink Blue, Magenta Red, Fury Red और Pearl Metallic White शामिल हैं।

इन बाइक्स से होगा मुकाबला

भारतीय बाजार में नई Pulsar 150 का मुकाबला Honda Unicorn 160 और TVS Apache RTR 160 जैसी बाइक्स से होगा। नए फीचर्स, अपडेटेड सस्पेंशन और मॉडर्न TFT डिस्प्ले के साथ बजाज ने Pulsar 150 को अपने सेगमेंट में ज्यादा आकर्षक बनाने की कोशिश की है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here