पीएम मोदी आज करेंगे रांची के पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशन का उद्घाटन, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हुआ कायाकल्प

0
83
Share This Post
पिस्का स्टेशन से रांची के दैनिक यात्रियों को लाभ, मुरी स्टेशन से औद्योगिक और धार्मिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत।

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को देशभर के 73 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इनमें झारखंड के रांची के पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं, जिन्हें अमृत भारत स्टेशन योजना (ABSS) के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दोनों स्टेशनों के पुनर्विकास पर करीब 10-10 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। निर्माण कार्य वर्ष 2023 में शुरू हुआ था और अब दोनों स्टेशन उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

पुनर्विकसित स्टेशनों पर यात्रियों को नए स्टेशन भवन, बेहतर पार्किंग और सर्कुलेटिंग एरिया, लिफ्ट, फुट ओवरब्रिज, आधुनिक प्लेटफॉर्म शेल्टर, प्रतीक्षालय, बुकिंग काउंटर, पेयजल सुविधा, कोच इंडिकेटर बोर्ड, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था और दिव्यांगजनों के लिए रैंप, टैक्टाइल टाइल्स तथा सुलभ शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्टेशनों के डिजाइन में स्थानीय कला और संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।

रांची रेल मंडल में तेजी से हो रहा है विकास

रांची मंडल की रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह ने बताया कि दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल में 15 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास पर लगभग 200 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। गोविंदपुर स्टेशन का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि लोहरदगा और रामगढ़ स्टेशन भी पुनर्विकास के बाद तैयार हैं।

उन्होंने बताया कि कर्रा, नामकुम, टाटीसिलवे, हटिया और रांची रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्टेशनों पर भी चरणबद्ध तरीके से काम जारी है। बड़े स्टेशनों का पुनर्विकास अधिक चुनौतीपूर्ण होता है क्योंकि निर्माण कार्य के दौरान ट्रेन परिचालन प्रभावित नहीं होने दिया जाता।

कनेक्टिविटी और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पिस्का रेलवे स्टेशन के आधुनिक बनने से रांची के हजारों दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं मुरी रेलवे स्टेशन के उन्नयन से औद्योगिक, सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों तक पहुंच और बेहतर होगी। इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here