चार नए सूचना आयुक्तों को मिलेगा प्रशासनिक सहयोग, विभिन्न विभागों से स्थानांतरित किए गए पांच वरिष्ठ अधिकारी।

रांची: झारखंड राज्य सूचना आयोग के प्रशासनिक कामकाज को अधिक सुचारु और प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने पांच प्रधान आप्त सचिवों की तैनाती करते हुए विभिन्न विभागों से उनका तबादला कर सूचना आयोग में पदस्थापित कर दिया है।
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जिन अधिकारियों की नियुक्ति की गई है उनमें राम बरण पासवान, सूरज चौधरी, नवीन कुमार, उदय शंकर और अंजनी कुमार वर्मा शामिल हैं। ये अधिकारी अलग-अलग विभागों से स्थानांतरित होकर अब झारखंड राज्य सूचना आयोग में अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगे।
सरकार के इस फैसले का उद्देश्य सूचना आयोग के प्रशासनिक कार्यों को गति देना और लंबित मामलों के निपटारे की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाना है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने हाल ही में चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति की थी। सभी आयुक्तों ने अपना कार्यभार भी संभाल लिया है, लेकिन उनके लिए प्रधान आप्त सचिवों की नियुक्ति नहीं होने के कारण आयोग के कई प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे।
अब पांच प्रधान आप्त सचिवों की तैनाती के बाद आयोग की कार्यप्रणाली को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे सूचना आयुक्तों को प्रशासनिक सहयोग मिलेगा और आयोग के दैनिक कामकाज के साथ-साथ जनहित से जुड़े मामलों के निस्तारण में भी तेजी आने की संभावना है.

