एयरपोर्ट कॉलोनी में प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी आधुनिक फिटनेस सुविधा।
रांची: राजधानी रांची के लोगों को जल्द ही अपने ही वार्ड में ओपन जिम की सुविधा मिलने वाली है। नगर निगम ने शहर के प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम स्थापित करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। इसके तहत बुधवार को प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया गया।

सांसद संजय सेठ, मेयर रोशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने एयरपोर्ट कॉलोनी स्थित प्रस्तावित ओपन जिम स्थल का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान भूमि की उपलब्धता, पहुंच मार्ग, सुरक्षा, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का आकलन किया गया।
सांसद संजय सेठ ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित समाज और देश की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि हर वार्ड में ओपन जिम बनने से लोगों में नियमित व्यायाम की आदत विकसित होगी और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम शहरवासियों को बेहतर जीवनशैली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ओपन जिम की यह पहल नागरिकों को अपने घर के पास ही व्यायाम की सुविधा उपलब्ध कराएगी, जिससे अधिक से अधिक लोग फिटनेस से जुड़ सकेंगे।

वहीं डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने कहा कि यह सुविधा युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम का उद्देश्य सभी आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। नगर निगम के अनुसार, निरीक्षण के बाद चयनित स्थानों पर जल्द ही ओपन जिम स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि शहर के हर वार्ड में लोगों को आधुनिक फिटनेस सुविधाओं का लाभ मिल सके।

