रांची रीजनल पासपोर्ट ऑफिस को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, पूरे झारखंड में बढ़ाई गई सुरक्षा

0
89
Share This Post
रांची: राजधानी रांची स्थित रीजनल पासपोर्ट ऑफिस को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद न केवल रांची, बल्कि पूरे झारखंड के पासपोर्ट केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और संबंधित एजेंसियां जांच में जुट गई हैं।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को कार्यालय खुलने के बाद रीजनल पासपोर्ट ऑफिस के आधिकारिक ईमेल पर एक धमकी भरा संदेश मिला। ईमेल में राज्य के सभी पासपोर्ट केंद्रों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने तत्काल रांची के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सुखदेवनगर थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।

इसके साथ ही झारखंड के 15 पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्रों को भी अलर्ट जारी कर दिया गया। देवघर और धनबाद समेत अन्य केंद्रों पर सुरक्षा बढ़ाते हुए जांच अभियान चलाया गया। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी मनीता ने बताया कि धमकी भरे ईमेल की सूचना मिलते ही सभी अधीनस्थ कार्यालयों और पुलिस अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया। फिलहाल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

पासपोर्ट कार्यालय परिसर में निजी सुरक्षा कर्मियों ने भी अपने स्तर पर सघन जांच अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब रांची पासपोर्ट कार्यालय को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले भी इस प्रकार के ईमेल प्राप्त हो चुके हैं, हालांकि जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई थी। फिलहाल सभी पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस साइबर और तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि धमकी भेजने वाले की जल्द पहचान की जा सके।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here