श्रावणी मेला 2026: रविवार और सोमवार को नहीं होगा शीघ्रदर्शनम, VIP और आउट ऑफ टर्न पूजा भी रहेगी बंद

0
26
Share This Post
देवघर: बाबा बैद्यनाथ धाम में आयोजित होने वाले श्रावणी मेला 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। इस वर्ष रविवार और सोमवार को श्रद्धालुओं के लिए शीघ्रदर्शनम कूपन सुविधा पूरी तरह बंद रहेगी। इसके साथ ही वीआईपी, वीवीआईपी और आउट ऑफ टर्न पूजा पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।

श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रशासनिक भवन में जिला प्रशासन, मंदिर प्रबंधन और तीर्थ पुरोहित समाज के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उपायुक्त सौरभ भुवानिया ने स्पष्ट किया कि इस बार प्राथमिकता आम श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित जलार्पण कराने पर होगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को लंबी प्रतीक्षा और अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष डॉ. सुरेश भारद्वाज ने भी कहा कि प्रशासन ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करे जिससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ तीर्थ पुरोहितों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान बाबा मंदिर प्रभारी सह एसडीएम रवि कुमार ने बताया कि नया ओवरब्रिज श्रावणी मेला शुरू होने से पहले चालू कर दिया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन में काफी सुविधा मिलेगी।

बैठक में पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात, सुरक्षा, साफ-सफाई, मंदिर के कपाट खुलने और बंद होने के समय, कूपन व्यवस्था तथा प्रोटोकॉल के नाम पर होने वाले अवैध प्रवेश जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि श्रावणी मेला 2026 में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और परंपराओं का पूरा ध्यान रखते हुए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here