रथयात्रा को लेकर रांची में 16 से 25 जुलाई तक ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले जरूर देखें एडवाइजरी

0
176
Share This Post

जगन्नाथपुर रथयात्रा और मेले के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू, कई मार्गों पर रूट डायवर्ट, नो-एंट्री और अलग-अलग पार्किंग स्थल तय।

रांची: जगन्नाथपुर रथयात्रा और मेले को लेकर रांची जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने राजधानीवासियों के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा तथा सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 16 जुलाई से 25 जुलाई तक शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन, नो-एंट्री और पार्किंग की नई व्यवस्था लागू की गई है।

प्रशासन ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए हैं। बिरसा चौक की ओर से आने वाले वाहन चालक अपने वाहन शहीद मैदान में पार्क करेंगे। वहीं तुपुदाना, हटिया और धुर्वा की दिशा से आने वाले लोगों के लिए प्रभात तारा मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है। इसके अलावा तिरिल मोड़ स्थित हेलिपैड में भी वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार रिंग रोड से शहर और मेला क्षेत्र की ओर आने वाले भारी और हल्के वाहन तिरिल मोड़, नॉर्थ गेट, प्रभात तारा मैदान और शालीमार बाजार होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं बिरसा चौक से रिंग रोड जाने वाले वाहनों को सिंह मोड़, चांदनी चौक, धुर्वा गोलचक्कर और वीर कुंवर सिंह चौक होकर भेजा जाएगा। एचईसी और विधानसभा क्षेत्र से रिंग रोड जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

रथयात्रा और मेले के दौरान कुछ मार्गों पर कार, ऑटो, सवारी वाहन और दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। तिरिल मोड़ से मौसीबाड़ी गोलचक्कर, शहीद मैदान से मौसीबाड़ी गोलचक्कर और प्रभात तारा मैदान के मुहाने से जगन्नाथपुर बाजार तक इन वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि रथयात्रा और मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here