रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच रही है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 19 जुलाई 2026 तक अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पास अनिवार्य रूप से जमा कर दें, ताकि मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन का कार्य समय पर पूरा किया जा सके।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, राज्य में BLO द्वारा घर-घर जाकर लगभग 96 प्रतिशत मतदाताओं तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाया जा चुका है। जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना फॉर्म जमा नहीं किया है, उनसे निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 22 जुलाई को BLO और BLA-2 की बैठक आयोजित होगी। इस दौरान अनुपस्थित (Absent), स्थानांतरित (Shifted), मृत (Dead) और डुप्लीकेट (Duplicate) मतदाताओं की ASDD सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके आधार पर मतदाता अपने नाम और विवरण की जांच कर सकेंगे तथा आवश्यक होने पर दावा एवं आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
यदि किसी मतदाता को अभी तक एन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त नहीं हुआ है, तो वे अपने संबंधित BLO से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, ऑनलाइन माध्यम से भी फॉर्म भरकर जमा करने की सुविधा उपलब्ध है। निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए मतदाता वोटर हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क कर सकते हैं.

