रांची में अवैध वाटर कनेक्शनों पर नगर निगम का शिकंजा, जलापूर्ति नेटवर्क की होगी व्यापक जांच

0
111
Share This Post

दूषित पानी और लीकेज की शिकायतों पर सख्ती, विशेष अभियान चलाकर अवैध कनेक्शनों पर होगी कार्रवाई; जल समस्या के लिए टोल-फ्री नंबर 18005701235 जारी।

रांची: शहर में जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने और अवैध वाटर कनेक्शनों पर रोक लगाने के लिए रांची नगर निगम ने सख्त कदम उठाए हैं। बुधवार को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में नगर निगम की जलापूर्ति शाखा और पीएचईडी अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में वार्ड संख्या 18 सहित कई इलाकों में दूषित पानी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पीएचईडी और नगर निगम की संयुक्त टीम को पूरे जलापूर्ति नेटवर्क की प्वाइंट-टू-प्वाइंट जांच करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि समस्या के मूल कारणों की पहचान कर उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा राइजिंग लाइन से लिए गए अवैध वाटर कनेक्शनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। नगर निगम सभी वार्डों में विशेष धावा दल के माध्यम से ऐसे कनेक्शनों की पहचान करेगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अपर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही शहरवासियों से अपील की गई है कि जलापूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या की शिकायत टोल-फ्री नंबर 18005701235 पर दर्ज कराएं, ताकि उसका त्वरित समाधान किया जा सके।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here