अब 20 जुलाई को होगी परीक्षा, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए जेसीईसीईबी ने जारी किया संशोधित कार्यक्रम

रांची: झारखंड के सरकारी एवं गैर-सरकारी फार्मेसी और पैरामेडिकल संस्थानों में संचालित डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए आयोजित होने वाली पैरामेडिकल प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा (PMECE) की तिथि में बदलाव किया गया है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए परीक्षा अब 20 जुलाई को आयोजित करने की घोषणा की है।
पहले यह परीक्षा 29 जून को प्रस्तावित थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसकी तिथि बदल दी गई। साथ ही अभ्यर्थियों को राहत देते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी गई है, जिससे अधिक छात्र आवेदन कर सकेंगे। इस प्रवेश परीक्षा के माध्यम से फार्मेसी तथा पैरामेडिकल डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिला दिया जाएगा। फार्मेसी का पाठ्यक्रम दो वर्ष तीन माह, जबकि पैरामेडिकल डिप्लोमा दो वर्ष का होगा।
इसके अलावा ड्रेसर, मेडिकल लैब अटेंडेंट और रेडियोग्राफर अटेंडेंट जैसे मैट्रिक स्तरीय सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में भी इसी परीक्षा के आधार पर प्रवेश मिलेगा। परीक्षा में सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ (Objective Type) होंगे तथा डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों की परीक्षा अलग-अलग पालियों में आयोजित की जाएगी। इधर, कृषि एवं अन्य संबद्ध पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगी। इसके लिए JCECEB ने प्रवेश पत्र डाउनलोड करने का लिंक अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है।
वहीं, रांची सदर अस्पताल में संचालित पोस्ट डिप्लोमा डीएनबी (DNB) पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए भी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राज्य मेधा सूची के आधार पर काउंसिलिंग और नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यह पाठ्यक्रम राज्य सरकार के अधीन कम से कम तीन वर्ष सेवा देने वाले पात्र चिकित्सकों के लिए आरक्षित है।

