रांची,28 अक्टूबर 2026।अबुआ न्यूज़ झारखंड
झारखंड के पर्यटन क्षेत्र ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थल पतरातू को प्रतिष्ठित ‘THE WEEK Heritage Awards 2026’ में ‘Riverside Heritage’ श्रेणी के अंतर्गत ‘Silver Banyan Award’ से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान से झारखंड के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के प्रयासों को नई मजबूती मिली है।
नई दिल्ली में आयोजित समारोह में मिला सम्मान
नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय में आयोजित सम्मान समारोह में झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार और पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा ने राज्य की ओर से यह सम्मान प्राप्त किया।
‘द वीक’ पत्रिका की ओर से आयोजित हेरिटेज अवॉर्ड्स के दूसरे संस्करण में देशभर के पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासतों और अभिनव पर्यटन पहलों को सम्मानित किया गया। इन पुरस्कारों का उद्देश्य भारत की समृद्ध विरासत के संरक्षण, पर्यटन संवर्धन और स्थानीय विकास में योगदान देने वाली पहलों को प्रोत्साहित करना है। समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस वर्ष नौ प्रमुख श्रेणियों में कुल 18 सम्मान और आठ विशेष संपादकीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन सुविधाओं ने दिलाई पहचान
प्राकृतिक सुंदरता, मनोरम घाटियों और विशाल जलाशय के लिए प्रसिद्ध पतरातू झारखंड के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में अपनी खास पहचान बना रहा है। पतरातू जलाशय में नौकायन, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, म्यूजिकल फाउंटेन और अन्य पर्यटन सुविधाओं के विकास ने इसे पर्यटकों के लिए आकर्षक स्थल के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई है।
‘रिवरसाइड हेरिटेज’ श्रेणी में मिला यह सम्मान पतरातू की बढ़ती पर्यटन पहचान और यहां विकसित की जा रही सुविधाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण मान्यता है।
पर्यटन विकास से स्थानीय युवाओं को मिलेंगे अवसर
झारखंड सरकार राज्य की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके तहत पतरातू समेत राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर आधारभूत संरचना के विकास, पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाओं और पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
पर्यटन विकास के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। आतिथ्य, खान-पान, परिवहन, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन से जुड़ी अन्य सेवाओं के विस्तार से स्थानीय युवाओं एवं समुदायों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
पर्यटन सचिव ने उपलब्धि को बताया उत्साहवर्धक
इस उपलब्धि पर पर्यटन विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने विभागीय अधिकारियों, स्थानीय प्रशासन और पतरातू पर्यटन परियोजना के विकास में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने इस सम्मान को झारखंड के पर्यटन क्षेत्र के लिए उत्साहवर्धक उपलब्धि बताते हुए विश्वास जताया कि इससे राज्य के अन्य पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और स्थानीय समुदायों की भागीदारी को भी नई गति मिलेगी।





