WhatsApp ने भारत में कई अकाउंट किए अस्थायी रूप से ब्लॉक, Meta ने बताई वजह

0
88
Share This Post
बिना चेतावनी कई भारतीय यूजर्स के अकाउंट 24 घंटे के लिए रिव्यू में डाले गए। Meta का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों और पॉलिसी उल्लंघन पर यह नियमित सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा है।

नई दिल्ली: Meta के लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने भारत समेत कई देशों के अनेक यूजर्स के अकाउंट अस्थायी रूप से ब्लॉक कर दिए हैं। प्रभावित यूजर्स का कहना है कि उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना के ऐप का एक्सेस रोक दिया गया। WhatsApp खोलने पर कई लोगों को संदेश दिखाई दिया कि उनका अकाउंट फिलहाल रिव्यू में है और अगले 24 घंटे के भीतर जांच पूरी कर निर्णय लिया जाएगा।

सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में यूजर्स ने स्क्रीनशॉट साझा कर इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। कई लोगों का कहना है कि वे अचानक अपने अकाउंट का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।

हालांकि, Meta ने इस कार्रवाई को प्लेटफॉर्म की नियमित सुरक्षा प्रक्रिया बताया है। कंपनी के अनुसार, WhatsApp पर संदिग्ध गतिविधियों, पॉलिसी उल्लंघन और अन्य यूजर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर ऐसे रिव्यू किए जाते हैं।

कंपनी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी अकाउंट के खिलाफ बार-बार शिकायतें मिलती हैं, स्पैम मैसेज भेजे जाते हैं, फर्जी जानकारी या अफवाहें फैलाने जैसी गतिविधियां सामने आती हैं या फिर WhatsApp की सेवा शर्तों का उल्लंघन होता है, तो उस अकाउंट का एक्सेस अस्थायी रूप से रोका जा सकता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 8 बजे के बाद बड़ी संख्या में भारतीय यूजर्स के अकाउंट रिव्यू मोड में चले गए। WhatsApp ने अपने संदेश में बताया कि इस दौरान अकाउंट की गतिविधियों और डिवाइस से जुड़ी जानकारी की जांच की जाएगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्लेटफॉर्म के नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि यदि जांच में कोई उल्लंघन नहीं मिलता है, तो अकाउंट का एक्सेस जल्द ही बहाल कर दिया जाएगा।

Meta ने यह भी स्वीकार किया कि कुछ मामलों में तकनीकी कारणों से वैध अकाउंट भी गलती से प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे मामलों में कंपनी समीक्षा पूरी होने के बाद जल्द से जल्द अकाउंट दोबारा सक्रिय कर देती है।

कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती?

यदि आप WhatsApp का उपयोग करते हैं, तो इन बातों का विशेष ध्यान रखें:

  • एक साथ बड़ी संख्या में लोगों को स्पैम मैसेज न भेजें।
  • अफवाह, भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री शेयर करने से बचें।
  • किसी भी प्रकार की ऑटोमेटेड या अनऑफिशियल WhatsApp ऐप का इस्तेमाल न करें।
  • ऐसा व्यवहार न करें जिससे कई यूजर्स आपके अकाउंट की रिपोर्ट करें।
  • हमेशा WhatsApp की Terms of Service और Community Guidelines का पालन करें।

उधर, WhatsApp के नए Username फीचर को लेकर भी भारत सरकार ने Meta से स्पष्टीकरण मांगा था। रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार के निर्देश के बाद इस फीचर को फिलहाल भारत में लागू नहीं किया गया है।

फिलहाल Meta का कहना है कि यह कार्रवाई यूजर्स की सुरक्षा और प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए की जा रही है। यदि आपका अकाउंट भी रिव्यू में चला गया है और आपने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया है, तो जांच पूरी होने के बाद उसके दोबारा सक्रिय होने की संभावना है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here