
झारखंड में 5 नवंबर को चलेगा सोशल मीडिया महाअभियान, युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए कॉलेजों में विशेष पहल

रांची: झारखंड में युवा मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने और मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए निर्वाचन विभाग विशेष पहल करने जा रहा है। इसके तहत 5 नवंबर को राज्यभर के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में एक घंटे का सोशल मीडिया महाअभियान चलाया जाएगा। यह अभियान दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक आयोजित होगा। इसमें विद्यार्थी अपने मोबाइल में ECI Net ऐप डाउनलोड कर सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश साझा करेंगे।
#DownloadECINet हैशटैग से चलेगा अभियान
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को अपने मोबाइल फोन में ECI Net ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद ऐप डाउनलोड करने का स्क्रीनशॉट, मतदाता जागरूकता से जुड़ी सेल्फी, वीडियो और संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करने होंगे। इसके लिए #DownloadECINet हैशटैग का इस्तेमाल अनिवार्य किया गया है। विद्यार्थी फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब सहित अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर अभियान से जुड़ी सामग्री साझा करेंगे।
सीईओ ने प्राचार्यों और निदेशकों के साथ की बैठक
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अधीन आने वाले सभी शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों और निदेशकों के साथ बैठक की। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीईओ ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र भारतीय नागरिक विद्यार्थियों का मतदाता सूची में निबंधन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत मतदाता निबंधन कराने का निर्देश
बैठक में सभी प्राचार्यों और निदेशकों को अपने-अपने संस्थानों में पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत मतदाता निबंधन कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा गया। इसके साथ ही संस्थानों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के प्रभारियों को अभियान की तैयारी और सफल क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया।
फॉर्म-6 और घोषणा पत्र जमा करने के लिए करेंगे प्रेरित
निर्वाचन विभाग का यह अभियान केवल ECI Net ऐप डाउनलोड कराने तक सीमित नहीं रहेगा। इसके जरिए युवाओं को मतदाता निबंधन की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी। जिन पात्र विद्यार्थियों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उन्हें फॉर्म-6 और घोषणा पत्र जमा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और उन्हें मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक बनाना है।
बैठक में कई निर्वाचन पदाधिकारी रहे शामिल
इस ऑनलाइन बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी मुख्यालय धीरज कुमार ठाकुर, उप निर्वाचन पदाधिकारी लोहरदगा संजय कुमार और अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अधीन विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य और निदेशक शामिल हुए।




