
दीपावली पर इस मुहूर्त में करें मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा, जानें शुभ समय और चौघड़िया मुहूर्त

रांची: दीपावली का पर्व भारतीय संस्कृति में धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद खास माना जाता है। इस दिन घरों और प्रतिष्ठानों में धन-वैभव की देवी मां लक्ष्मी और विघ्नहर्ता भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दीपावली की रात मां लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करती हैं और स्वच्छ, सुंदर तथा दीपों से जगमगाते घरों में वास करती हैं। यही वजह है कि इस दिन घरों की साफ-सफाई और दीप सजाने के साथ विशेष रूप से लक्ष्मी-गणेश पूजन किया जाता है।
आयुष्मान योग और स्वाति नक्षत्र का बन रहा संयोग
पंडित रामदेव पाण्डेय के अनुसार, इस बार दीपावली पर आयुष्मान योग और स्वाति नक्षत्र का विशेष संयोग बन रहा है। इस शुभ संयोग में भगवान गणेश के साथ मां लक्ष्मी की पूजा करना विशेष फलदायी माना गया है। मान्यता है कि विधि-विधान से पूजा करने पर सुख-समृद्धि, धन-वैभव और परिवार में खुशहाली आती है।
प्रदोष काल में लक्ष्मी पूजन का विशेष महत्व
दीपावली के दिन शाम को प्रदोष काल में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, लक्ष्मी पूजन के लिए अमावस्या तिथि का प्रदोष काल में होना विशेष महत्व रखता है। इसके अलावा स्थिर लग्न और वृषभ काल को भी पूजा के लिए शुभ माना गया है। श्रद्धालुओं को पूजा से पहले प्रदोष काल, निशिता काल और अमावस्या तिथि के आरंभ एवं समापन का समय जान लेना चाहिए।

दीपावली पर लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त
दीपावली के दिन मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा के लिए शुभ समय इस प्रकार है।
- लक्ष्मी पूजा मुहूर्त: शाम 05:54 बजे से 07:50 बजे तक
- प्रदोष काल: शाम 05:31 बजे से रात 08:09 बजे तक
- वृषभ काल: शाम 05:54 बजे से 07:50 बजे तक
दीपावली पर चौघड़िया के शुभ मुहूर्त
दीपावली के दिन विभिन्न शुभ कार्यों और पूजा-पाठ के लिए चौघड़िया के निम्न समय बताए गए हैं।
| चौघड़िया | शुभ समय |
|---|---|
| चर | सुबह 07:23 से 08:46 बजे तक |
| लाभ | सुबह 08:46 से 10:09 बजे तक |
| अमृत | सुबह 10:09 से 11:32 बजे तक |
| शुभ | दोपहर 12:56 से 02:19 बजे तक |




