iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत ₹1,64,900 और Pro Max की ₹1,79,900, पहली सेल में खरीदारों में दिखा जबरदस्त उत्साह

नयी दिल्ली: भारत में शुक्रवार से Apple iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की आधिकारिक बिक्री शुरू हो गयी। बिक्री शुरू होते ही नए आईफोन को खरीदने के लिए ग्राहकों में खासा उत्साह देखने को मिला। दिल्ली, मुंबई, नोएडा और बेंगलुरु समेत कई शहरों में Apple Stores के बाहर लंबी कतारें नजर आयीं।
कई ग्राहक अपने पसंदीदा आईफोन को सबसे पहले खरीदने के लिए आधी रात से ही स्टोर के बाहर पहुंच गये थे। कुछ जगहों पर लोग करीब 10 से 12 घंटे तक अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।
दिल्ली: साकेत स्थित सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल के Apple Store के बाहर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जमा रही। इनमें कई लोग पहले से बुक की गयी अपनी डिवाइस लेने पहुंचे थे।
मुंबई: बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स यानी BKC स्थित Apple Store और Jio World Drive के स्टोर के बाहर भी ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ खरीदार बिक्री शुरू होने से 12 से 15 घंटे पहले ही स्टोर के बाहर पहुंच गये थे।
नोएडा: DLF Mall of India स्थित Apple Store के बाहर भी लोगों की भीड़ रही। बताया गया कि पंजाब और हरियाणा जैसे पड़ोसी राज्यों से भी कुछ ग्राहक रात करीब दो बजे से कतार में लग गये थे।
बेंगलुरु: Phoenix Mall of Asia स्थित Apple Store पर भी सुबह से खरीदारों की भीड़ देखने को मिली। नए मॉडल को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह नजर आया।
कीमत की बात करें तो iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत ₹1,64,900, जबकि iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत ₹1,79,900 बतायी गयी है।





