
पूर्व मंत्री विमला प्रधान के आवास पहुंचे CM हेमंत सोरेन, पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
सिमडेगा से दो बार विधायक रही थीं विमला प्रधान, शुक्रवार रात निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ निधन

रांची: झारखंड की पूर्व पर्यटन मंत्री और सिमडेगा विधानसभा सीट से दो बार विधायक रहीं वरिष्ठ भाजपा नेत्री विमला प्रधान के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने श्रद्धांजलि दी। शनिवार को मुख्यमंत्री लोअर करमटोली स्थित उनके आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने विमला प्रधान के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार, समर्थकों व शुभचिंतकों को इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की।
सार्वजनिक जीवन में योगदान को किया याद

हेमंत सोरेन ने कहा कि विमला प्रधान के निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में लंबे समय तक सक्रिय रहते हुए जनता के लिए काम किया और सिमडेगा सहित झारखंड के विकास में योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विमला प्रधान समाज के अलग-अलग वर्गों और समुदायों के कल्याण के लिए हमेशा सक्रिय रहीं। उनके निधन को उन्होंने झारखंड के लिए एक बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में विमला प्रधान के योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
लंबे समय से चल रहा था इलाज

बताया गया कि विमला प्रधान पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और रांची के सैमफोर्ड अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान शुक्रवार रात उनका निधन हो गया।
उनके निधन की खबर सामने आने के बाद परिवार के साथ-साथ उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में शोक का माहौल है।




