
दशहरा-दीपावली में हवाई सफर होगा महंगा! रांची आने वाली फ्लाइट का किराया 25 हजार के पार
मुंबई, पुणे और बेंगलुरु से रांची आने वाली उड़ानों के किराये में तेजी, त्योहार नजदीक आने पर और बढ़ सकती है टिकट की कीमत

रांची। दशहरा, दीपावली और छठ पर घर लौटने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए इस बार हवाई सफर जेब पर भारी पड़ सकता है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में सीटों की मारामारी के बीच अब विमान किराये में भी बढ़ोतरी दिखाई देने लगी है। खासकर मुंबई, पुणे और बेंगलुरु जैसे शहरों से रांची आने वाली उड़ानों में नवंबर की शुरुआत में किराया काफी बढ़ गया है।
बुकिंग की मौजूदा स्थिति के अनुसार 5 से 7 नवंबर के बीच कुछ रूटों पर एकतरफा हवाई टिकट का किराया 15 हजार से 25 हजार रुपये के पार पहुंच गया है। हालांकि, किराया सीटों की उपलब्धता और बुकिंग के समय के हिसाब से लगातार बदलता रहता है।
मुंबई से रांची का टिकट 25,500 रुपये तक
6 नवंबर को मुंबई से रांची आने वाली उड़ान का किराया करीब 25,500 रुपये तक पहुंच गया है। इसी दिन पुणे-रांची का टिकट करीब 22 हजार रुपये और बेंगलुरु-रांची का किराया करीब 20 हजार रुपये तक दिख रहा है।
7 नवंबर की बुकिंग में पुणे से रांची का किराया करीब 25,200 रुपये, बेंगलुरु से रांची करीब 19 हजार रुपये और हैदराबाद से रांची करीब 18,500 रुपये तक पहुंच गया है।
वहीं 5 नवंबर को मुंबई-रांची का किराया करीब 21,600 रुपये और चेन्नई-रांची का करीब 14,500 रुपये दर्ज किया गया है।
अक्टूबर में अपेक्षाकृत कम है किराया
त्योहारों से पहले अक्टूबर की कुछ तारीखों में रांची से दूसरे बड़े शहरों के लिए शुरुआती किराये काफी कम दिखाई दे रहे हैं। मौजूदा बुकिंग के मुताबिक रांची से दिल्ली का टिकट करीब 6,249 रुपये, मुंबई का 7,881 रुपये और बेंगलुरु का करीब 7,609 रुपये से शुरू हो रहा है।
पुणे के लिए शुरुआती किराया करीब 8,333 रुपये, जबकि गोवा के लिए कुछ तारीखों में टिकट करीब 9,342 रुपये से ऊपर दिख रहा है।
रांची आने वाली उड़ानों में भी अक्टूबर के दौरान शुरुआती किराया अपेक्षाकृत कम है। दिल्ली-रांची का किराया करीब 6,413 रुपये, मुंबई-रांची 7,401 रुपये, बेंगलुरु-रांची 7,554 रुपये और पुणे-रांची करीब 8,580 रुपये से शुरू दिख रहा है।
त्योहार के करीब बढ़ सकता है किराया
एयरलाइन टिकट की कीमत फिक्स नहीं होती। सीटों की उपलब्धता और यात्रियों की मांग के हिसाब से किराया बढ़ता या घटता रहता है। ऐसे में नवंबर में त्योहार की तारीखें जैसे-जैसे करीब आएंगी, उपलब्ध सीटों के आधार पर किराये में और बदलाव हो सकता है।
यात्रियों के लिए बेहतर होगा कि टिकट बुक करने से पहले अलग-अलग तारीखों और फ्लाइट का किराया जरूर चेक कर लें। एक-दो दिन आगे या पीछे यात्रा करने पर भी टिकट की कीमत में अंतर मिल सकता है।
रांची से बढ़ सकती है हवाई कनेक्टिविटी
रांची एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की भी तैयारी है। इंडिगो ने बेंगलुरु, नवी मुंबई और पुणे के लिए नई उड़ानें शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि इन उड़ानों के नियमित संचालन की अंतिम पुष्टि और समय-सारिणी का इंतजार है।
फिलहाल रांची एयरपोर्ट से रोजाना 42 से अधिक विमानों का परिचालन हो रहा है।
यात्रियों के लिए बढ़ीं सुविधाएं
रांची एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा के लिए इस साल कई नई सुविधाएं भी शुरू की गई हैं। मई में उड़ान यात्री कैफे, एवीएसएआर काउंटर, किड्स जोन और फ्लाइबरी जैसी सुविधाएं शुरू की गईं।
त्योहारों में यात्रा करने वालों के लिए जरूरी है कि टिकट बुक करने से पहले किराये के साथ बैगेज नियम, सीट चयन और टिकट में बदलाव से जुड़े शुल्क भी देख लें।




