SIR के तहत शुरू होगा Home to Roll Verification अभियान, एक परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम एक ही बूथ पर दर्ज कराने पर जोर; जरूरत पड़ने पर Form-6 और Form-8 में मिलेगी मदद

रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद अब वोटर लिस्ट के सत्यापन का अगला चरण शुरू होने जा रहा है। इसके तहत राज्यभर में Home to Roll Verification अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर यानी BLO घर-घर जाकर मतदाताओं और उनके परिवार के सदस्यों की जानकारी का सत्यापन करेंगे।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक ही घर में रहने वाले पात्र मतदाताओं के नाम, जहां संभव हो, एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हों। इससे मतदाता सूची को अधिक व्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाने में मदद मिलेगी।
योग्य मतदाताओं का नाम न छूटे
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। BLO घर-घर जाकर यह जांच करेंगे कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में दर्ज हैं या नहीं। अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत Form-6 और घोषणा पत्र जमा कराने की प्रक्रिया में सहायता दी जाएगी। इसके साथ आवेदन के डिजिटाइजेशन की स्थिति की भी निगरानी की जाएगी।
अलग-अलग बूथ पर नाम होने पर Form-8
सत्यापन के दौरान एक परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में दर्ज होने की स्थिति भी जांची जाएगी। अगर किसी मतदाता का नाम उसके सामान्य निवास वाले मतदान क्षेत्र के बजाय किसी दूसरे बूथ पर दर्ज है, तो उसे सही मतदान केंद्र में स्थानांतरित कराने के लिए Form-8 भरने में BLO सहायता करेंगे। निर्वाचन विभाग का लक्ष्य परिवार के सदस्यों के लिए एक परिवार-एक मतदान केंद्र की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
दूसरे राज्य की वोटर लिस्ट में नाम है तो झारखंड में करा सकेंगे ट्रांसफर
ऐसे लोग जो वर्तमान में झारखंड में सामान्य रूप से निवास कर रहे हैं, लेकिन उनका नाम बिहार, पश्चिम बंगाल या किसी अन्य राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है, वे भी अपना नाम झारखंड के संबंधित मतदान केंद्र की सूची में स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए Form-8 और निर्धारित घोषणा पत्र जमा करना होगा। BLO पात्र मतदाताओं को आवेदन और स्थानांतरण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देंगे।
घरों पर लगेगा ‘Family Together’ Sticker
अभियान के दौरान परिवारों को जागरूक करने के लिए घरों पर Family Together Sticker लगाने की पहल भी की जाएगी। इसका उद्देश्य परिवार के सभी वयस्क और पात्र सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज होने की पुष्टि और जागरूकता बढ़ाना है।
स्टिकर पर संबंधित घर या नजरी गृह संख्या अंकित करने की व्यवस्था होगी। साथ ही मतदाताओं की सुविधा के लिए संबंधित BLO से संपर्क की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों से BLO के साथ सहयोग करने की अपील की है। मतदाताओं को अपने और परिवार के सभी योग्य सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जरूर जांचने की सलाह दी गई है।
अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं है, तो निर्धारित प्रपत्र के जरिए आवेदन किया जा सकता है। वहीं, परिवार के सदस्यों का नाम अलग-अलग बूथ पर दर्ज होने की स्थिति में Form-8 के माध्यम से सुधार या स्थानांतरण कराया जा सकता है।
मतदाता ऑनलाइन वोटर सेवाओं और रजिस्ट्रेशन से जुड़ी सुविधाओं का इस्तेमाल ECI Voters’ Service Portal के जरिए भी कर सकते हैं। मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए राष्ट्रीय मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

