रांची में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर लगेगी रोक, बड़गाई में बनेगा बर्थ कंट्रोल सेंटर

0
104
Share This Post
2.1 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा केंद्र, आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण के साथ डॉग शेल्टर होम भी विकसित करने की तैयारी

रांची: शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या और उनसे जुड़ी समस्याओं को नियंत्रित करने के लिए रांची नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। नगर निगम की ओर से बड़गाई में पशु आश्रय सह जन्म नियंत्रण केंद्र विकसित किया जाएगा। इसके लिए करीब 20.2 डिसमिल जमीन चिन्हित की गयी है।

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र के निर्माण से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिये। केंद्र के निर्माण और संचालन के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से रांची नगर निगम को 2.1 करोड़ रुपये उपलब्ध कराये गये हैं।

नसबंदी और टीकाकरण की होगी सुविधा

प्रस्तावित केंद्र के शुरू होने के बाद शहर में पकड़े जाने वाले आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण किया जाएगा। इसके साथ ही उनकी जरूरी स्वास्थ्य जांच और उपचार की व्यवस्था भी की जायेगी।

नगर निगम का उद्देश्य आवारा कुत्तों की आबादी को वैज्ञानिक तरीके से नियंत्रित करना है। इससे कुत्तों के बढ़ते झुंड, सड़क पर होने वाली परेशानी और लोगों पर हमले जैसी घटनाओं को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

शेष जमीन पर बनेगा डॉग शेल्टर होम

बड़गाई में उपलब्ध जमीन के बाकी हिस्से का भी उपयोग करने की तैयारी है। नगर आयुक्त ने करीब एक एकड़ 90 डिसमिल शेष भूमि पर डॉग शेल्टर होम विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है।

इसके लिए अधिकारियों को विस्तृत डिजाइन और योजना तैयार करने को कहा गया है। शेल्टर होम बनने के बाद आवारा कुत्तों के संरक्षण, देखभाल और आवश्यक उपचार के लिए स्थायी व्यवस्था विकसित हो सकेगी।

शहर में बनेगी व्यवस्थित व्यवस्था

रांची में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए अब निगम सिर्फ अभियान चलाने के बजाय एक स्थायी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बर्थ कंट्रोल सेंटर और प्रस्तावित डॉग शेल्टर होम के जरिए नसबंदी, टीकाकरण, उपचार और संरक्षण की प्रक्रिया को एक ही व्यवस्था के तहत संचालित करने की योजना है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here