22-23 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक लगेगा विशेष शिविर, 18 साल की उम्र पूरी करने वाले पात्र नागरिक भी कर सकेंगे आवेदन

जमशेदपुर। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR 2026 के तहत आज और कल अंतिम विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। 22 और 23 अगस्त को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कैंप लगाया जाएगा। इस दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के साथ-साथ दर्ज जानकारी में आवश्यक संशोधन भी करा सकेंगे।
18 साल की उम्र पूरी करने वालों को भी मौका
जिन भारतीय नागरिकों की उम्र 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो रही है और वे झारखंड के किसी मतदान क्षेत्र के सामान्य निवासी हैं, वे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए फॉर्म-6 के साथ जरूरी घोषणा पत्र जमा करना होगा।
एक ही बूथ पर करा सकेंगे परिवार के सदस्यों का नाम
अगर परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं या मौजूदा बूथ घर से काफी दूर है, तो इसमें भी बदलाव कराया जा सकता है। इसके लिए फॉर्म-8 के माध्यम से मतदान केंद्र बदलने का आवेदन किया जा सकता है। इसका उद्देश्य परिवार के सदस्यों को सुविधाजनक और नजदीकी मतदान केंद्र से जोड़ना है।
कैंप में नहीं पहुंच पाए तो ऑनलाइन करें आवेदन
अंतिम विशेष शिविर में पहुंचना संभव नहीं होने पर मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग के Voters’ Services Portal या ECINET App का इस्तेमाल किया जा सकता है।
किसी भी तरह की सहायता या जानकारी के लिए Voter Helpline 1950 तथा राज्य स्तर पर जारी हेल्पलाइन 18003311950 पर संपर्क किया जा सकता है।
मतदाताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील
SIR के अंतिम विशेष कैंप को देखते हुए पात्र नागरिकों से समय रहते अपने नाम और मतदाता सूची में दर्ज विवरण की जांच करने की अपील की गई है। अगर नाम छूटा है या किसी जानकारी में सुधार की जरूरत है, तो 22 या 23 अगस्त को अपने मतदान केंद्र पर जाकर आवेदन जमा किया जा सकता है।

