श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन की बढ़ी अवधि, रांची-भागलपुर के बीच 25 से 30 अगस्त तक चलेगी ट्रेन

0
64
Share This Post

रांची से 25, 27 और 29 अगस्त को खुलेगी ट्रेन, भागलपुर से 26, 28 और 30 अगस्त को वापसी; खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस का परिचालन भी प्रभावित

रांची। श्रावणी मेला में जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत की खबर दी है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को देखते हुए रांची-भागलपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन के परिचालन की अवधि बढ़ा दी गयी है। ट्रेन संख्या 08690 रांची-भागलपुर स्पेशल अब 25, 27 और 29 अगस्त को रांची से भागलपुर के लिए रवाना होगी।

यह ट्रेन मुरी, बोकारो स्टील सिटी, हजारीबाग रोड, कोडरमा, किऊल और सुल्तानगंज होते हुए भागलपुर पहुंचेगी। रांची से ट्रेन शाम 5:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी।

भागलपुर से इन तारीखों पर चलेगी वापसी ट्रेन

वापसी में ट्रेन संख्या 08689 भागलपुर-रांची श्रावणी मेला स्पेशल 26, 28 और 30 अगस्त को भागलपुर से चलेगी। ट्रेन भागलपुर से सुबह 9:10 बजे रवाना होकर सुल्तानगंज, किऊल, कोडरमा, हजारीबाग रोड, बोकारो स्टील सिटी और मुरी के रास्ते रांची पहुंचेगी। रांची पहुंचने का निर्धारित समय रात 10:20 बजे है। इससे श्रावणी मेले के दौरान भागलपुर और सुल्तानगंज जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी।

खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस का रूट भी प्रभावित

दूसरी ओर, आद्रा मंडल में होने वाले विकास कार्यों के कारण रांची रेल मंडल से जुड़ी एक महत्वपूर्ण ट्रेन का परिचालन प्रभावित रहेगा। ट्रेन संख्या 18035/18036 खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस 26, 28 और 29 अगस्त को केवल आद्रा स्टेशन तक ही चलेगी।

इन तारीखों में आद्रा और हटिया के बीच ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा। रेलवे के इस बदलाव के कारण यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन का नया परिचालन कार्यक्रम जांचने की सलाह दी गयी है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here