HEC के पुनरुद्धार पर बड़ा मंथन, CM हेमंत सोरेन से केंद्रीय संसदीय उप-समिति के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

0
129
Share This Post

रांची स्थित HEC की मौजूदा स्थिति और कंपनी को दोबारा पटरी पर लाने की कार्ययोजना पर हुई विस्तृत चर्चा

रांची। राजधानी रांची स्थित हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (HEC) के पुनरुद्धार को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से HEC के रिवाइवल के लिए गठित केंद्रीय संसदीय उप-समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। यह बैठक कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई। मुलाकात के दौरान HEC की मौजूदा स्थिति, कंपनी के सामने मौजूद चुनौतियों और इसके पुनरुद्धार के लिए आगे की कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

केंद्रीय संसदीय उप-समिति में कुल छह सदस्य शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के साथ HEC को दोबारा मजबूत स्थिति में लाने और इसके भविष्य को लेकर संभावित कदमों पर विचार-विमर्श किया। बैठक में सांसद विजय हांसदा, केंद्रीय संसदीय उप-समिति के अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद तिरुची शिवा, राज्यसभा सांसद सुलता देव, सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, सांसद हँसमुखभाई सोमाभाई पटेल और सांसद चंदन चौहान मौजूद रहे।

HEC के भविष्य पर टिकी निगाहें

रांची का HEC देश के प्रमुख भारी इंजीनियरिंग संस्थानों में रहा है और लंबे समय से इसके पुनरुद्धार की मांग उठती रही है। ऐसे में केंद्रीय संसदीय उप-समिति और मुख्यमंत्री के बीच हुई यह बैठक कंपनी के भविष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

बैठक में HEC की वर्तमान परिस्थितियों का आकलन करने के साथ-साथ रिवाइवल को लेकर आगे की रणनीति पर भी चर्चा हुई। अब देखना होगा कि केंद्र और राज्य स्तर पर होने वाले प्रयासों से HEC को दोबारा मजबूती देने के लिए किस तरह की ठोस योजना सामने आती है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here