गढ़वा, पलामू, चतरा समेत छह जिलों में तेज बारिश की संभावना; रांची सहित अन्य इलाकों में बादल और हल्की बारिश का अनुमान

रांची। झारखंड में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश के बीच अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है। फिलहाल राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसूनी सिस्टम झारखंड से आगे बढ़ गया है, जिसके कारण तत्काल भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।
हालांकि, 23 अगस्त को राज्य के छह जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
23 अगस्त को इन जिलों में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 22 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से अगले दिन यानी 23 अगस्त को झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
जिन छह जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। वहीं, राजधानी रांची समेत राज्य के बाकी हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की या छिटपुट बारिश होने का अनुमान है। मौसम का यह असर 26 अगस्त तक बने रहने की संभावना जताई गई है।
चाईबासा में 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड
पिछले दिनों हुई बारिश का असर कई जिलों में देखने को मिला है। गुरुवार को रांची के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई, जबकि चाईबासा में 10 मिमी और बोकारो में 0.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
लगातार बारिश के कारण राज्य के कुछ जिलों में अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई है। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 45 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। रांची और सिमडेगा में छह-छह फीसदी, सरायकेला-खरसावां में छह फीसदी, खूंटी में आठ फीसदी और लातेहार में दो फीसदी अधिक बारिश हुई है।
हालांकि, पूरे झारखंड की स्थिति देखें तो 1 जून से 20 अगस्त के बीच राज्य में कुल बारिश सामान्य से 11 फीसदी कम रही है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 711.7 मिमी है, जबकि अब तक 636.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
रांची में सामान्य से 6 फीसदी ज्यादा बारिश
राजधानी रांची में इस मानसून सीजन में बारिश का आंकड़ा राज्य के औसत से बेहतर रहा है। 1 जून से 20 अगस्त तक रांची में सामान्य 729.6 मिमी के मुकाबले 771.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यानी राजधानी में सामान्य से करीब 6 फीसदी अधिक बारिश हुई है।
इन जिलों में बारिश का आंकड़ा कम
राज्य के कई जिलों में अब भी बारिश सामान्य से काफी कम है। बोकारो में 26 फीसदी, चतरा में 44 फीसदी, देवघर में 46 फीसदी, गढ़वा में 46 फीसदी, गिरिडीह में 37 फीसदी और पाकुड़ में 53 फीसदी बारिश की कमी दर्ज की गई है।
इसके अलावा गुमला में 22 फीसदी, हजारीबाग में 31 फीसदी, जामताड़ा में 19 फीसदी, कोडरमा में 45 फीसदी, पलामू में 30 फीसदी, रामगढ़ में 15 फीसदी और साहिबगंज में 20 फीसदी बारिश सामान्य से कम रही है।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए 23 अगस्त को भारी बारिश वाले जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

